मोतिहारी बैंककर्मी विरोध: लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर बैंककर्मियों का आंदोलन तेज हो गया है. गुरुवार को प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को बैंककर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की पूर्वी चम्पारण जिला इकाई के आह्वान पर जिले के विभिन्न बैंकों में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
बैंककर्मी पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, भेदभाव रहित उत्पादकता आधारित प्रोत्साहन यानी पीएलआई योजना लागू करने और आईडीबीआई के विदेशीकरण से बचाने समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. गुरुवार को स्टेट बैंक बिहार शाखा के सामने प्रदर्शन किया गया था. वहीं शुक्रवार को स्टेट बैंक छतौनी, इंडियन बैंक राजा बाजार, केनरा बैंक मुख्य मार्ग समेत जिला मुख्यालय के अन्य बैंकों में कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया.
नवंबर 2025 से चल रहा है आंदोलन
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के जिला संयोजक डीएन त्रिवेदी ने बताया कि बैंककर्मी नवंबर 2025 से लगातार अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन कर रहे हैं. इस दौरान तीन महीने तक प्रदर्शन, धरना, रैली और इंटरनेट माध्यम से अभियान चलाया गया, लेकिन मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया.
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी 2026 को एक दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल भी की गयी थी. इसके बावजूद मांगों के समाधान की दिशा में अपेक्षित परिणाम नहीं निकला. इसके बाद बैंक कर्मियों के सात शीर्ष संगठनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
स्टेट बैंक के क्षेत्रीय सचिव विकास रंजन और पीएनबी के राहुल कुमार रवि ने कहा कि इस बार बैंककर्मियों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा. फोरम के मीडिया प्रभारी भारत भूषण ने आगे के आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी.
सितंबर में हड़ताल तक पहुंचेगा आंदोलन
बैंक यूनियनों की ओर से 30 अगस्त को इंटरनेट माध्यम से अभियान चलाया जायेगा. इसके बाद 3 सितंबर को पोस्टर अभियान, 8 सितंबर को काला बैज धारण कर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा. वहीं 11 सितंबर को एक दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल की घोषणा की गयी है.
यदि इसके बाद भी सरकार ने मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल करने की चेतावनी दी है. ऐसे में सितंबर के अंत में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें:
जीविका दीदियों के लिए बड़ी खुशखबरी, मोतिहारी में खुला पहला सुधा बिक्री केंद्र
