Motihari News: मोतिहारी शहर के नव-उत्क्रमित एवं विस्तारित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. अमृत 2.0 जलापूर्ति योजना के तहत बेगमपुर, बैरिया, हरदयन छपरा और पतौरा टोला (भटहां) में नई जलमीनारों (ओवरहेड टैंक) का निर्माण कराया जाएगा. इससे इन क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है.
सर्वे और एनओसी की प्रक्रिया पूरी
नगर निगम ने प्रस्तावित चारों स्थलों का सर्वे कार्य पूरा कर लिया है. इसके साथ ही सदर अंचल कार्यालय की ओर से भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) भी जारी कर दिया गया है. भूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है.
विस्तारित क्षेत्रों को मिलेगा नियमित पेयजल
अमृत 2.0 योजना के तहत बनने वाली नई जलमीनारों से बेगमपुर, बैरिया, हरदयन छपरा और पतौरा टोला सहित शहर के विस्तारित वार्डों में शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. इससे वर्षों से पानी की कमी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार हुई योजना
नगर निगम की महापौर प्रीति कुमारी ने बताया कि यह परियोजना शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने के बाद नागरिकों को बेहतर जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध होगी और शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी.
निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं. निर्माण कार्य शुरू होने के बाद तय समय सीमा के भीतर जलमीनारों का निर्माण पूरा कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.
यह भी पढ़ें:मोतिहारी सिविल कोर्ट भर्ती के अंतिम दिन आवेदन के लिए जिला नियोजन कार्यालय में उमड़ी भीड़
