Motihari News: घोड़ासहन के गुदरी बाजार स्थित पोखर में डूबे 29 वर्षीय युवक का शव गुरुवार को घटना के चार दिन बाद बरामद कर लिया गया. प्रशासन, स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद शव को पोखर से बाहर निकाला गया. मृतक की पहचान गुदरी बाजार निवासी अच्छेलाल ठाकुर के 29 वर्षीय पुत्र सिकंदर ठाकुर उर्फ चाइनीज के रूप में हुई है. शव बरामद होते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया.
Ghorasahan News: सोमवार शाम पोखर में डूबा था युवक
परिजनों के अनुसार सिकंदर ठाकुर सोमवार की शाम पोखर में छलांग लगाने के बाद डूब गया था. घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई.
जलकुंभी के कारण शव तलाशने में आई परेशानी
मंगलवार से प्रशासन और पुलिस शव की तलाश में जुटे थे, लेकिन पोखर में अत्यधिक जलकुंभी होने के कारण खोज अभियान प्रभावित रहा. एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन घनी जलकुंभी के कारण शव की तलाश संभव नहीं होने पर टीम वापस लौट गई.
स्थानीय गोताखोरों की मदद से मिला शव
गुरुवार को राजस्व पदाधिकारी सकलदेव प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक पूजा कुमारी और पुलिस बल की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा खोज अभियान चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद युवक का शव पोखर से बरामद कर लिया गया.
पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा गया शव
थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है. पोस्टमार्टम के लिए शव को मोतिहारी भेज दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: योगापट्टी में बाढ़ से सड़क डूबी, ग्रामीणों ने चंदा और श्रमदान से बनाया चचरी पुल
