Motihari: रक्सौल. पड़ोसी देश नेपाल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत से नेपाल जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 220 ग्राम हेरोइन बरामद की है. इस दौरान गाड़ी में सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसकी जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक परसा नेपाल गौतम मिश्रा ने बताया कि घटना वीरगंज महानगरपालिका वार्ड नंबर 16 के रजत जयंती चौक की है, जहां पुलिस की संयुक्त टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान इस गाड़ी को रोका. सूचना के आधार पर जब बीआर06डीई-0007 नंबर की काली स्कॉर्पियो की तलाशी ली गयी, तो गाड़ी की डिक्की में कालीन के नीचे छिपाकर रखा गया 220 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ. जिसके बाद गाड़ी में सवार रक्सौल निवासी कृष्णा कुमार, सुधीर कुमार, अमित कुमार व रक्सौल के सिसवा निवासी गाड़ी चालक राजा कुमार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पर्सा जिला अदालत से पांच दिन की न्यायिक हिरासत की अनुमति प्राप्त कर ली है. फिलहाल, मामले की गहन जांच जारी है. नेपाल पुलिस ने इस कार्रवाई को ड्रग्स के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि सीमा पर निगरानी और कड़ी की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
