Bettiah News: बंजरिया थाना क्षेत्र के जनेरवा गांव के समीप बुधवार को सिकरहना नदी में स्नान के दौरान 11 वर्षीय बच्ची के डूबने की घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा है. मृतका की पहचान जनेरवा वार्ड संख्या-15 निवासी लालबाबू पासवान की पुत्री सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका. प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च अभियान शुरू कराया है.
Banjariya News: बकरी चराने गई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार सोनाक्षी कुमारी बुधवार दोपहर बकरी चराने के लिए सिकरहना नदी की ओर गई थी. इसी दौरान वह नदी के किनारे पहुंची, जहां पैर फिसलने अथवा गहरे पानी में चले जाने से तेज बहाव की चपेट में आ गई. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते नदी में लापता हो गई.
ग्रामीणों ने शुरू की खोजबीन
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर नदी में उतरकर काफी देर तक बच्ची की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
एनडीआरएफ की टीम कर रही सर्च ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी कृष्ण प्रताप सिंह ने तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया. प्रशासन की निगरानी में नदी में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका था.
प्रशासन ने लोगों से बरतने को कहा सावधानी
अंचलाधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ा हुआ है. ऐसे में लोगों से नदी के किनारे जाने तथा बच्चों को अकेले नदी के पास नहीं भेजने की अपील की गई है. प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
यह भी पढ़ें: नेपाल सीमा से सटे दीप्ही में खुलेगा पुलिस ओपी और चेक पोस्ट, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
