Deepak Prakash Oath: बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह आज शाम 5 बजे मंत्री दीपक प्रकाश को एमएलसी पद की शपथ दिलायेंगे. बीजेपी एमएलसी देवेश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्यपाल कोटे से पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को मनोनीत किया गया था. पिछले 8 महीने से वह किसी सदन के सदस्य रहे बिना ही मंत्री पद पर बने हुए थे. ऐसे में अब वह बिहार उच्च सदन के सदस्य बनेंगे.
उपेंद्र कुशवाहा ने मोदी-शाह का जताया आभार
मंत्री दीपक प्रकाश के एमएलसी बनने से आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा गदगद हैं. उन्होंने एनडीए के कई बड़े नेताओं का आभार जताया. उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सीएम सम्राट चौधरी, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत अन्य नेताओं को धन्यवाद कहा.
उपेंद्र कुशवाहा ने सार्वजनिक की थी जानकारी
उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने अपने बेटे दीपक प्रकाश के एमएलसी बनने की जानकारी को सार्वजनिक किया. साथ ही राज्यपाल की तरफ से बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत किए जाने को लेकर जारी की गई अधिसूचना की कॉपी शेयर की. इसके साथ ही उन्होंने आभार भी जताया.
सुप्रीम कोर्ट ने किया था सवाल
मिली जानकारी के मुताबिक, दीपक प्रकाश को एमएलसी बनाने के पीछे सुप्रीम कोर्ट का दबाव मुख्य वजह माना जा रहा है. सुप्रीम कोर्ट की तरफ से पिछले हफ्ते ही सुनवाई की गई थी. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से सवाल किया था, दीपक प्रकाश बिना किसी सदन के सदस्य बने आखिर इतने दिनों तक मंत्री पद पर कैसे बने हुए हैं? इसके बाद बीजेपी के एमएलसी देवेश कुमार ने इस्तीफा दिया और दीपक प्रकाश मनोनीत किए गए.
नीतीश और सम्राट दोनों सरकार में बने मंत्री
साल 2025 के नवंबर महीने में जब नीतीश कुमार की सरकार बनी थी, तब उपेंद्र कुशवाहा के बेटे मंत्री बने थे. उस वक्त वे दोनों में से किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे. इसके बाद 2026 के मई महीने में जब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने और कैबिनेट का विस्तार किया गया, तब फिर दीपक प्रकाश मंत्री बने. इस तरह से बिना किसी सदन के सदस्य रहे दूसरी बार वे मंत्री बने. ऐसे में विपक्ष लगातार सवाल खड़े कर रहा था.
Also Read: बिहार के 11 लाख पात्र परिवारों को मिलेंगे राशन कार्ड, विभाग ने अधिकारियों को दिया आदेश, जानिए डिटेल
