Bihar: किऊल नदी को तैरकर पार करने की लगी बाजी, देखते रह गये दोस्त और बीच में ही डूब गया लालजीत, मौत

बिहार के लखीसराय में दोस्तों के बीच बाजी लगी और ये बाजी एक युवक के लिए भारी पड़ गयी. किऊल नदी को तैरकर पार करने की कोशिश में बीच नदी में युवक डूब गया और उसकी मौत हो गयी.

Bihar News: बिहार के लखीसराय में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है. मजाक ही मजाक में दोस्तों के बीच लगी बाजी एक युवक के लिए महंगी पड़ गयी. उसे इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. बाजी में उसकी जीत तो नहीं हो सकी लेकिन वो इस बाजी को जीतने की ख्वाहिश में अपनी जिंदगी ही हार गया. नदी को तैरकर पार करने की कोशिश में लालजीत के जीवन की डोर टूट गयी. अब उसके घर में मातम पसरा हुआ है.

किऊल नदी में डूबने से मौत

कवैया थाना क्षेत्र के लाली पहाड़ी के युवक की गुरुवार को किऊल नदी में डूबने से मौत हो गयी. युवक की मौत की खबर पाकर सीओ संजय कुमार पंडित व कवैया पुलिस किऊल नदी के किनारे पहुंच कर बालगुदर के गोताखोर के मदद से लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव बरामद किया. मिली जानकारी के अनुसार लाली पहाड़ी निवासी महेश मलिक के 18 वर्षीय पुत्र लालजीत कुमार अपने दोस्तों के साथ किऊल नदी स्नान करने के लिए पहुंचा.

तैरकर नदी पार करने की शर्त

किऊल नदी पर लालजीत व उनके दोस्तों के बीच तैरकर नदी पार करने की शर्त लगी. जिसके बाद लालजीत ने किऊल नदी तैरकर पार करना चाहा. इसी क्रम में नदी के बीच ही डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गयी.

Also Read: बिहार में 17 फुट लंबे घड़ियाल का खौफ, शरीर पर लगा मिला ट्रैकिंग मशीन, अब इस नदी में छोड़ेगा प्रशासन…
स्नान करने के लिए किऊल नदी गये थे दोस्त

मृतक की मां दुलारी देवी ने बताया कि वह अपने तीन चार दोस्तों के साथ स्नान करने के लिए किऊल नदी पहुंचा था. जिसके बाद लोगों ने उसे जानकारी दी कि उनका बेटा डूब चुका है. जिसके बाद स्थानीय प्रशासन पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दिया. सीओ संजय कुमार पंडित ने बताया कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जायेगा.

Published By: Thakur Shaktilochan

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >