Mahashivratri 2026: आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूरी पटना नगरी भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आएगी. पटना शहर की सड़कों पर शिव भक्तों का सैलाब उमड़ेगा और चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजेंगे.
श्रीश्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा अभिनंदन समिति की ओर से आज दोपहर बाद राजधानी के अलग-अलग इलाकों से 30 भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी. गाजे-बाजे और झांकियों के साथ निकलने वाली यह बारात शाम को खाजपुरा शिव मंदिर पहुंचेगी, जहां आस्था का एक अद्भुत संगम देखने को मिलेगा.
खाजपुरा बनेगा आस्था का मुख्य केंद्र
महाशिवरात्रि पर राजधानी में धार्मिक उत्साह चरम पर है. खाजपुरा स्थित खाजपुरा शिवमंदिर के आसपास शाम से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ने की संभावना है. श्रीश्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा अभिनंदन समिति की ओर से दोपहर बाद गाजे-बाजे, झांकियों और धार्मिक प्रतीकों के साथ 30 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी.
ये सभी शोभायात्राएं तय मार्गों से होते हुए देर शाम मुख्य समारोह स्थल पहुंचेंगी, जहां श्रद्धालुओं के स्वागत और अभिनंदन की विशेष व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 22 स्थानों पर पुष्प वर्षा और शरबत-पानी के स्टॉल भी लगाए गए हैं
वीआईपी मौजूदगी से बढ़ेगा आयोजन का आकर्षण
मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री नीतिश कुमार सहित कई प्रमुख नेता, मंत्री और धर्माचार्य मौजूद रहेंगे. उनके साथ भाजपा नेता नीतिन नबीन समेत कई जनप्रतिनिधि शोभायात्राओं की आरती उतारेंगे. समारोह स्थल पर तीन मंच बनाए गए हैं.
मुख्य मंच पर झांकियों का अभिनंदन होगा, दूसरे मंच पर भजन संध्या, तांडव नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि तीसरे मंच पर गंगा आरती का आयोजन होगा.
झांकियों में दिखेगा विराट शिवलिंग का स्वरूप
इस बार आठ समितियां विराट रामायण मंदिर में स्थापित 33 फीट ऊंचे शिवलिंग की प्रतिकृति को अपनी झांकियों में शामिल करेंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी. पूरे इलाके को रंग-बिरंगी रोशनी, झालरों और एलईडी बोर्ड से सजाया गया है.
आयोजन समिति के अनुसार मुख्य स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और यातायात, बिजली, पानी तथा सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है. समिति के संयोजक संजीव चौरसिया ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां पूरी है. शनिवार को पटना नगर निगम, पीएचईडी, भवन निर्माण विभाग और जिला प्रशासन की टीम के साथ बैठक में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सफाई और बिजली आपूर्ति की समीक्षा की गई.
सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन का अनुमान है कि इस वर्ष महाशिवरात्रि पर पहले से ज्यादा श्रद्धालु जुट सकते हैं, इसलिए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. राजधानी में आज का दिन भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम लेकर आया है, जहां शिवभक्तों की आस्था पूरे शहर को एक सूत्र में बांधती नजर आएगी.
Also Read: भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए अर्पित करें ये 7 प्रिय चीजें, मिलेगी विशेष कृपा
