Madhubani News: मधुबनी के झंझारपुर नगर परिषद क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. शांतिनाथ महादेव मंदिर परिसर स्थित तालाब में स्नान करने गए 32 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. युवक दाह संस्कार से लौटने के बाद शुद्धि स्नान करने तालाब में उतरा था, लेकिन गहरे पानी में जाने से हादसे का शिकार हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
शुद्धि स्नान के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान वार्ड संख्या 18 निवासी विजय कुमार दास (32) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, विजय कुमार अपने मोहल्ले की एक महिला के दाह संस्कार में शामिल होने के बाद धार्मिक परंपरा के तहत शांतिनाथ महादेव मंदिर परिसर स्थित तालाब में स्नान करने पहुंचे थे. इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
लोगों ने की बचाने की कोशिश
तालाब में युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
एक ही दिन में दोहरी त्रासदी से टूटा परिवार
इस घटना के बाद मृतक के घर और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. परिवार पहले से ही मोहल्ले की महिला के निधन के कारण शोक में था. उसी दिन विजय कुमार की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
यह भी पढे़ं: Bihar News: नीट पेपर लीक और छात्र लाठीचार्ज के विरोध में आक्रोश मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
