मधुबनी. शहर के राम कृष्ण महाविद्यालय में रविवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण व डॉ. आंबेडकर पार्क का उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार चौधरी थे. अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार मंडल ने की. कुलपति डॉ. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर भारतीय समाज के युगपुरुष थे. जिन्होंने सामाजिक समानता और न्याय की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनकी विचारधारा केवल संविधान निर्माण तक सीमित नहीं है. उनकी प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं है बल्कि यह हमें उनके आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देती है. हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज में समानता और सद्भावना स्थापित करने का प्रयास करना चाहिए. उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल की सराहना की और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता को बनाए रखते हुए अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए. महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार मंडल ने कहा कि राम कृष्ण महाविद्यालय के लिए यह एक गौरवशाली दिन है. बाबा साहेब की प्रतिमा हमारे विद्यार्थियों को प्रेरणा देगी और उन्हें उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करेगी. हम इसके लिए सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा शास्त्र विभाग की छात्राओं ने स्वागत गान व महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. शशिभूषण कुमार के स्वागत भाषण से हुआ. डॉ. शशिभूषण कुमार ने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. मरगुब आलम ने किया. कार्यक्रम के अंत में शिक्षा शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मृणाल कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम में सभी शिक्षक छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
