Jhanjharpur News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) की यूजी स्नातक सेमेस्टर-2 की परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो गई. अंतिम दिन प्रथम पाली में पटकथा लेखन तथा द्वितीय पाली में बिजनेस कम्युनिकेशन और इंट्रोडक्शन टू क्लाउड कंप्यूटिंग विषय की परीक्षा आयोजित की गई.
अंतिम दिन 357 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
फूल देवी कुशेश्वर झा डिग्री महाविद्यालय, अंधराठाढ़ी परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में पटकथा लेखन विषय की परीक्षा में 308 छात्र-छात्राएं शामिल हुए. वहीं द्वितीय पाली में बिजनेस कम्युनिकेशन विषय में 14 और इंट्रोडक्शन टू क्लाउड कंप्यूटिंग विषय में 35 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. इस प्रकार अंतिम दिन कुल 357 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया. खुटौना डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र भी इसी महाविद्यालय में बनाया गया था.
आठ जुलाई से शुरू हुई परीक्षा का हुआ समापन
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्रशेखर झा ने बताया कि आठ जुलाई से शुरू हुई परीक्षा का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. पूरी परीक्षा अवधि के दौरान शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण बनाए रखा गया.
पटकथा लेखन के तकनीकी प्रश्न रहे खास
पटकथा लेखन विषय में इस बार पूछे गए तकनीकी प्रश्न छात्रों के लिए नए और रोचक रहे. प्रश्नपत्र में पटकथा की अवधारणा, कथानक, दृश्य शीर्षक, संरचना, शूटिंग स्क्रिप्ट, मास्टर सीन स्क्रिप्ट, लॉगलाइन, मोंटाज, फ्लैशबैक, वॉइस ओवर, सिनॉप्सिस और ट्रीटमेंट सहित फिल्म एवं नाटक लेखन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आधारित प्रश्न शामिल थे. छात्रों ने बताया कि जिन विषयों की जानकारी अब तक उन्हें किताबों, अखबारों और पत्र-पत्रिकाओं के माध्यम से मिलती थी, उसी विषय की परीक्षा देना उनके लिए नया और उत्साहजनक अनुभव रहा.
परीक्षा केंद्र पर रही कड़ी सुरक्षा
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही. अंधराठाढ़ी थानाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहे तथा केंद्र के बाहर यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी गई.
