Crime News: मधुबनी जिले के नरहिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम कर दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चतरापट्टी स्थित एक मोटरसाइकिल गैरेज के पास से देसी कट्टा के साथ दो किशोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस को देखकर भागने लगे, तलाशी में मिला देसी कट्टा
नरहिया थानाध्यक्ष निलेश कुमार से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरापट्टी में एक गैरेज के निकट दो युवक हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी राहगीर या व्यवसायी के साथ आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं.सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया. पुलिस वाहन को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने घेराबंदी कर दबोच लिया. तलाशी लेने पर एक किशोर की कमर से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया.
फुलपरास के रहने वाले हैं दोनों किशोर, साथी का है हथियार
हथियार के साथ पकड़े गए दोनों किशोरों की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के ननपट्टी गांव निवासी 16 वर्षीय राजन कुमार और 16 वर्षीय रूपेश कुमार के रूप में हुई है.कट्टा बरामद होने के बाद जब पुलिस ने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि यह हथियार उनके ही गांव के एक साथी आदित्य कुमार का है. तीनों मिलकर हथियार के बल पर राहगीरों को डराते-धमकाते थे और छिनतई (लूटपाट) की वारदातों को अंजाम देते थे.
एफआईआर दर्ज, आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया
पुलिस ने बरामद देसी कट्टा की जब्ती सूची बनाकर अवैध हथियार रखने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. गिरफ्तार दोनों किशोरों को आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत किशोर न्याय बोर्ड (मधुबनी) भेज दिया गया है, जबकि फरार साथी आदित्य कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष के अलावा अवर निरीक्षक रामनारायण राम, सिपाही सुनील कुमार, बाबुधन राम, महिला सिपाही प्रीति कुमारी और रुक्मणि कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
