पिपराही में तीन दिवसीय मिथिला लोक उत्सव का शुभारंभ, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

लदनियां प्रखंड के पिपराही गांव में तीन दिवसीय मिथिला लोक उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ है। यह उत्सव मिथिला की समृद्ध लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

Madhubani News: लदनियां प्रखंड के पिपराही गांव में आदर्श महिला मंडल लड़ुगामा द्वारा आयोजित तथा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की कल्चर फंक्शन एंड प्रोडक्शन ग्रांट स्कीम के तहत तीन दिवसीय मिथिला लोक उत्सव का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य डॉ. भारती मेहता ने किया.

मिथिला की संस्कृति को जीवंत रखने का प्रयास

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. भारती मेहता ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मिथिला की इस पावन धरती पर आयोजित यह लोक उत्सव कला एवं संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कहा कि उत्सव के माध्यम से लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार को नई गति मिलेगी.

कार्यक्रम की शुरुआत राम कुमार राय के स्वागत संबोधन से हुई. इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि शिव कुमार, प्रखंड प्रमुख सत्य नारायण सफी, राजेश तथा गंगाधर यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

मैथिली गीतों और लोक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उत्सव के पहले दिन रूपांजलि कुमारी और निर्मला कुमारी ने संयुक्त रूप से मैथिली स्वागत गीत प्रस्तुत किया. शिवम मिश्रा ने विद्यापति के पदों के साथ-साथ सामा-चकेवा, डोमकछ और झिझिया की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं.

रजनी झा ने देवी गीत और मैथिली गीत प्रस्तुत किए, जबकि विवेक वैरागी ने नचारी, सूफी और भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. निर्मला कुमारी ने भक्ति और सूफी गीत प्रस्तुत किए, वहीं रूपांजलि कुमारी ने पारंपरिक मैथिली लोकगीतों से समां बांध दिया.

कलाकारों ने बिखेरा लोक संस्कृति का रंग

आनंद कुमार ठाकुर, शिवम मिश्रा और विवेक वैरागी सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. वाद्य यंत्रों पर राहुल मनीष, धीरज मिश्रा, शिवम ठाकुर, परमेश्वर ठाकुर और नवीन कुमार ने संगत की.

कार्यक्रम का संचालन मिथिलेश कुमार और उपेंद्र पासवान ने किया, जबकि कैमरा संचालन की जिम्मेदारी देवेंद्र कुमार और रामपूजन ने संभाली.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >