मधुबनी.
समस्तीपुर मंडल अंतर्गत मधुबनी रेलवे स्टेशन पर 10 फरवरी 2025 को गाड़ी संख्या 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के दरवाजे के अंदर से बंद होने के कारण उपद्रवियों द्वारा ट्रेन में तोड़फोड़ किये जाने के मामले में रेलवे ने कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना का सोशल मीडिया पर वायरल विड़ियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है. जांच और साक्ष्य के आधार पर रेलवे सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ आरपीएफ पोस्ट दरभंगा में विभिन्न रेल अधिनियमों के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर के कॉलेज गेट भगवती स्थान निवासी रवि उर्फ कालू के रूप में की गयी है. जिसे दरभंगा आरपीएफ की टीम अपने साथ ले गयी है.अन्य की गिरफ्तारी के लिये प्रयास जारी
इस घटना में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है. रेल पदाधिकारी ने कहा कि रेलवे संपत्ति राष्ट्रीय संपदा का अभिन्न अंग है, इसे नुकसान पहुंचाना एक दंडनीय अपराध है. उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए रेल प्रशासन बिहार सरकार, सशस्त्र सीमा बल और रेल पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर रहा है.रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी समस्या की स्थिति में स्टेशन अधिकारियों या हेल्पलाइन से संपर्क करें. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है रेल प्रशासन यह भी अपील करता है कि यात्रीगण हमेशा उचित टिकट लेकर ही ट्रेनों में सफर करें तथा अपनी टिकट की श्रेणी के अनुसार ही उचित श्रेणी के डब्बों में प्रवेश करें. इससे किसी को भी परेशानी नही होगी और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सकेगा.
क्या है मामला :
बीते 10 फरवरी को गाड़ी संख्या 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जयनगर से दिल्ली के लिये चली. मधुबनी पहुंचने पर यहां ट्रेन में सवार होने के लिये सैकड़ों यात्री खड़े थे. जयनगर में ही ट्रेन का अधिकांश बोगी यात्रियों से भर गया था. जिसके बाद जयनगर में ही ट्रेन के सभी दरवाजों को अंदर से बंद कर दिया गया. मधुबनी पहुंचने पर दरवाजे को खोलने के लिये यात्रियों द्वारा कहा जाता रहा, पर अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया. जिसके बाद भीड़ आक्रोशित हो गयी और ट्रेन में जबरदश्त तोड़फोड़ शुरू कर दी गयी. एसी बोगी के दरवाजे और खिड़की के शीशे को उपद्रवियों ने तोड़ दिया. रेल प्रशासन द्वारा इस घटना को गंभीरता से लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी. रेलवे सुरक्षा बल ने तकनीकी साक्ष्य और स्रोतों के आधार पर जांच शुरू कर दी. इसके परिणामस्वरूप एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गयाडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
