Benipatti News: अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को अनुमंडल स्तरीय निगरानी सह अनुश्रवण समिति की बैठक एसडीएम शारंग पाणि पांडेय की अध्यक्षता में हुई. बैठक में नए एलपीजी कनेक्शन, राशन कार्ड, अंत्योदय योजना और खाद्यान्न वितरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई.
नए एलपीजी कनेक्शन पर मांगी गई जानकारी
बैठक में समिति के सदस्य अजय भगत, अरुण यादव और आनंद कुमार झा ने नए गैस कनेक्शन जारी करने की स्थिति की जानकारी मांगी. इस पर सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी (एडीएसओ) राजकुमार झा ने बताया कि गैस एजेंसियों से प्राप्त सूचना के अनुसार फिलहाल नए एलपीजी कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं.
एसडीएम ने उपस्थित सदस्यों से पात्र व्यक्तियों का आवेदन भरवाकर नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को गति देने का आग्रह किया.
अंत्योदय योजना की समीक्षा के निर्देश
सदस्य जय सुंदर मिश्र ने सभी गैस डिलीवरी वाहनों पर 'फ्री होम डिलीवरी' बड़े और स्पष्ट अक्षरों में लिखवाने की मांग की, ताकि उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी मिल सके.
वहीं सदस्य विजय यादव, नसीमा प्रवीण, अलका झा और सुजीत कुमार झा ने अंत्योदय योजना से संबंधित समस्याएं उठाईं. इस पर एसडीएम ने एडीएसओ को अंत्योदय कार्डों की समीक्षा कराने का निर्देश दिया.
सीएमआर गोदाम स्थापित करने की उठी मांग
बैठक में सदस्य विशुनदेव यादव ने बेनीपट्टी अनुमंडल के सभी चारों प्रखंडों में सीएमआर गोदाम स्थापित कराने की मांग रखी. इस पर एसडीएम ने कहा कि इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.
बैठक में बचनू मंडल, कालिशचंद्र झा, कन्हैया, घटा देवांगन, प्रदीप झा बासु, चंचल कुमार सहित सभी प्रखंडों के एमओ एवं एजीएम मौजूद थे.
