मधुबनी में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) प्लस टू मनमोहन उच्च विद्यालय, रामपट्टी में जल-जीवन-हरियाली दिवस मनाया गया. कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में 25 फलदार और छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया.
पौधरोपण के साथ प्रतियोगिताओं का आयोजन
कार्यक्रम के तहत "आज पौधशाला, कल वन, भविष्य का हरित निवेश" विषय पर परिचर्चा, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई. विद्यार्थियों को पौधरोपण, जल संरक्षण और जैव विविधता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया.
प्रतियोगिता में इन छात्रों ने मारी बाजी
निबंध प्रतियोगिता में चांदनी कुमारी ने प्रथम, स्नेहा वत्स ने द्वितीय और विनायक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में आयुषी प्रियदर्शिनी प्रथम, पुष्कर कुमारी द्वितीय और अलका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. सभी विजेताओं को शील्ड, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प
वन प्रसार पदाधिकारी अनूप कुमार ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है.
"आज के विद्यार्थी ही कल के पर्यावरण प्रहरी"
नमामि गंगे के डीपीओ आनंद अंकित ने कहा कि जल संरक्षण और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं. यदि नदियों, तालाबों और भूजल स्रोतों को सुरक्षित रखना है तो अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे. उन्होंने विद्यार्थियों से एक-एक पौधे की जिम्मेदारी लेने की अपील की.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक देवेंद्र प्रसाद यादव और विघ्नेश कुमार झा ने की. मौके पर वनरक्षी सिकंदर रविदास, विकास कुमार दास, शिक्षक सतीश चंद्र, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
यह भी पढे़ं: ऑनलाइन नकली मोबाइल सप्लाई मामले में बाबूबरही से युवक गिरफ्तार, मुंबई पुलिस ले गई रिमांड पर
