863 बच्चों का नामांकन, लेकिन कक्षा में सिर्फ एक छात्रा... मधुबनी के सरकारी स्कूल के निरीक्षण में चौंकाने वाला खुलासा

बिहार के एक सरकारी स्कूल में निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया। 863 छात्रों के नामांकन के बावजूद कक्षा में केवल एक छात्रा मिली। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठे हैं।

Madhubani Government School: बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी शिव कुमार राउत ने सोमवार को श्री चंद ज्ञानचंद जनता प्लस टू उच्च विद्यालय, तिरहुता का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था और निर्माण कार्य में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि रिकॉर्ड में कक्षा 9 से 12 तक 863 छात्र-छात्राओं का नामांकन दर्ज था, लेकिन निरीक्षण के समय पूरी कक्षा में सिर्फ एक छात्रा मौजूद मिली.

तीन शिक्षक भी मिले अनुपस्थित

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के तीन शिक्षक अनुपस्थित पाए गए.

वहीं परिषद के रिकॉर्ड के अनुसार विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक पढ़ाई संचालित होनी चाहिए, लेकिन मौके पर केवल कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई चलती मिली.

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी उठे सवाल

विद्यालय परिसर में बन रहे दो अतिरिक्त क्लासरूम का निर्माण भी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया.

प्रशासी पदाधिकारी शिव कुमार राउत ने कहा कि प्रथम दृष्टया निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया है.

अभियंता का वेतन तत्काल रोका

निर्माण में लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित अभियंता का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है.

साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए पटना से विशेषज्ञ जांच दल भेजने का निर्णय लिया गया है.

बेंच-डेस्क की गुणवत्ता भी मिली खराब

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपलब्ध बेंच-डेस्क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे.

मिली अनियमितताओं पर शिव कुमार राउत ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से फोन पर बात कर नाराजगी जताई और जिले के सभी विद्यालयों का नियमित एवं सघन निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

इसी विद्यालय के पूर्व छात्र हैं अधिकारी

शिव कुमार राउत इसी विद्यालय के पूर्व छात्र भी रह चुके हैं. वर्तमान में वे बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी होने के साथ-साथ बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड में महाप्रबंधक के पद पर भी कार्यरत हैं.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Avnish kumar karn

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >