मधुबनी सदर अस्पताल में जल्द लगेगी 1.5 टेस्ला MRI मशीन, 150 KVA बिजली व्यवस्था की तैयारी

anil kumar jha

Madhubani News: मधुबनी. सदर अस्पताल में जल्द ही अत्याधुनिक 1.5 टेस्ला MRI मशीन की सुविधा शुरू होने की उम्मीद है. पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मोड के तहत इस सुविधा को शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. मशीन लगने के बाद मरीजों को महंगी MRI जांच के लिए निजी अस्पतालों के साथ दरभंगा और पटना जाने की जरूरत काफी कम हो सकती है.

150 KVA बिजली व्यवस्था के लिए राज्य स्वास्थ्य समिति गंभीर

MRI मशीन के सुचारू संचालन के लिए कम से कम 150 KVA क्षमता की समर्पित बिजली व्यवस्था जरूरी है. इसी को लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति के प्रशासनिक पदाधिकारी-सह-प्रभारी (PPP) राजेश कुमार ने सिविल सर्जन-सह-सदस्य सचिव को पत्र भेजकर अस्पताल की बिजली व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया है.

तीन दिनों के भीतर मांगी गई रिपोर्ट

विभागीय निर्देश के अनुसार अस्पताल प्रशासन को पत्र प्राप्ति के तीन दिनों के भीतर यह स्पष्ट करना है कि सदर अस्पताल परिसर में वर्तमान में 150 KVA बिजली व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं.

यदि आवश्यक लोड उपलब्ध नहीं है, तो बिजली विभाग से संपर्क कर अतिरिक्त बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में आने वाली अनुमानित लागत का आकलन कर रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को ई-मेल के माध्यम से भेजने का निर्देश दिया गया है.

HLL Life Care की टीम ने किया साइट सर्वे

अस्पताल सूत्रों के अनुसार MRI परियोजना से जुड़ी एजेंसी HLL Life Care Limited के प्रतिनिधियों ने सदर अस्पताल का दौरा कर मशीन की स्थापना के लिए तकनीकी एवं भौतिक निरीक्षण यानी साइट सर्वे पूरा कर लिया है.

अब परियोजना में प्रमुख रूप से बिजली लोड और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करने का काम बाकी है. इसके बाद MRI मशीन की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.

गरीब मरीजों को मिलेगी किफायती जांच सुविधा

अत्याधुनिक MRI सुविधा शुरू होने से मधुबनी के साथ आसपास के ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा. खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधा अपेक्षाकृत किफायती दर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है.

इससे मरीजों को जांच के लिए निजी संस्थानों या दूसरे बड़े शहरों का रुख करने में होने वाला अतिरिक्त खर्च और समय भी बच सकता है.

क्या कहते हैं सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से MRI मशीन की स्थापना को लेकर दिशा-निर्देश प्राप्त हुआ है. सदर अस्पताल परिसर में 150 KVA बिजली आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जा रही है.

उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से संपर्क कर आवश्यक लोड और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए विस्तृत एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया है, ताकि जल्द से जल्द जिलावासियों को इस हाईटेक जांच सुविधा का लाभ मिल सके.

यह भी पढ़ें: मधुबनी के सप्ता में बनेगा अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, 64.85 लाख की मंजूरी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anil kunar jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >