Madhubani News: शहर के जेपी कॉलोनी, वार्ड संख्या 28 के निवासियों ने आपसी सहयोग और जनभागीदारी से सड़क निर्माण कर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है. वर्षों तक जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद जब कोई ठोस पहल नहीं हुई, तब लोगों ने चंदा जुटाकर और श्रमदान कर स्वयं सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया.
बरसात में आवागमन हो जाता था मुश्किल
कॉलोनी निवासी एवं अवकाश प्राप्त जिला शिक्षा पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण कंठ ने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में आवागमन बेहद कठिन हो जाता था. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों को अस्पताल ले जाने तथा दैनिक आवागमन में होती थी.
उन्होंने कहा कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने स्वयं आगे आकर आर्थिक सहयोग और श्रमदान के माध्यम से सड़क निर्माण शुरू कराया.
यह भी पढ़ें: शिल्पग्राम जितवारपुर के निर्माण कार्य में सुधार की मांग, कलाकारों ने सरकार को लिखा पत्र
सभी परिवारों ने दिया आर्थिक और श्रमदान का सहयोग
कॉलोनी के सभी परिवारों ने अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग और श्रमदान किया. स्थानीय निवासी विंदेश्वर सहनी ने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि कॉलोनीवासियों की एकता, आत्मनिर्भरता और सामूहिक सोच का प्रतीक है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में प्रशासन भी इस क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करेगा.
समाज को दिया एकजुटता का संदेश
जेपी कॉलोनी के लोगों की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि समाज यदि एकजुट होकर आगे बढ़े, तो कठिन से कठिन समस्याओं का समाधान भी संभव है. सड़क निर्माण कार्य में अमन कुमार, अजय कुमार, संगीत कुमार, बिलटू साह सहित दर्जनों स्थानीय लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
