Madhubani News : स्वच्छ व सुंदर मधुबनी के संकल्प के साथ नगर भ्रमण रैली आयोजित

स्वच्छ व सुंदर मधुबनी के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत मंगलवार को नगर भ्रमण रैली का आयोजन किया गया.

मधुबनी. स्वच्छ व सुंदर मधुबनी के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत मंगलवार को नगर भ्रमण रैली का आयोजन किया गया. रैली वाटसन स्कूल परिसर से शुरू होकर स्टेशन, बाटा चौक, थाना चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः वाटसन स्कूल में आकर समाप्त हुई. जन-जागरूकता रैली में नगर निगम के मेयर अरुण राय, उप मेयर अमानुल्लाह खान, एडीएम मुकेश रंजन, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा, डीपीआरओ परिमल कुमार सहित अनेक वरीय प्रशासनिक अधिकारी, सभी वार्ड पार्षद व बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया. रैली के दौरान स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्ति एवं जनभागीदारी से जुड़े नारे के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया. कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की गई कि स्वच्छता की नियमित निगरानी एवं जनसहभागिता को सशक्त बनाने के लिए वार्ड स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया जाएगा. साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन वार्डों का चयन कर उन्हें आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा. जिससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके. इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता एक सरकारी अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक दायित्व है. जब तक आमजन सक्रिय रूप से इसमें भाग नहीं लेंगे, तब तक स्वच्छ और सुंदर शहर का सपना पूर्ण नहीं हो सकता. सभी ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि घर, गली, मोहल्ला और वार्ड स्तर पर स्वच्छता को अपनी आदत बनाएंगे तथा मधुबनी को एक स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर के रूप में विकसित करेंगे. नगर भ्रमण रैली ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की सक्रिय सहभागिता, जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ एवं सुंदर मधुबनी का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है. नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श उदाहरण बनाएं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >