जयनगर. जयनगर रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ जाने वालों को लेकर बढ़ती भीड़ के नियंत्रण के उपाय और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ने किया. इस दौरान जयनगर रेलवे स्टेशन पर कई पदाधिकारी मौजूद थे. इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव ने शाखा अधिकारियों के साथ जयनगर स्टेशन पर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए बने पंडाल का निरीक्षण कर सुझाव दिए. डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने स्टेशन परिसर में आरपीएफ और जीआरपी को समन्वय स्थापित कर भीड़ एकत्र न होने देने का निर्देश दिया. जिसके बाद बुधवार को पूरे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. इसके अलावा ट्रेनों के अचानक प्लेटफार्म बदलने पर सख्त मनाही की गई है. वहीं रेलवे के सभी स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिये. जिनकी निगरानी वॉर रूम से की जा रही है. रेलवे ने 28 फरवरी तक जयनगर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन दो कुंभ मेला स्पेशल ट्रेने चलाने का निर्देश दिया हैं. बताया गया है कि जयनगर रेलवे स्टेशन से अलग-अलग रूट पर दो ट्रेनें चलेंगी. इनमें पहली ट्रेन मधुबनी, सकरी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा होते हुए प्रयागराज जाएगी. दूसरी ट्रेन जयनगर से मधुबनी, सकरी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, पंडित दीन दयाल उपाध्याय होते हुए प्रयागराज तक जाएगी. डीआरएम ने यात्रियों से कहा कि प्रयागराज जाने वाले यात्री स्पेशल ट्रेन का उपयोग करें. 28 फ़रवरी तक स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस नहीं जाएगी. प्रयागराज 28 फरवरी तक रूट बदल दी गयी है. इसी तरह लौटते समय भी 25 फरवरी तक इसी रूट का उपयोग किया जाएगा. इस बीच बुधवार से जयनगर से नई दिल्ली प्रयागराज के रास्ते जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन में कुंभ यात्रियों की जयनगर रेलवे स्टेशन पर भीड़ जुट रही है. जयनगर रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया का निर्माण कराया गया है. जहां यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियां लगायी गयी हैं. पीने के लिए पानी उपलब्ध कराया गया है चाय नाश्ता की भी व्यवस्था की गई है. स्टेशन परिसर में जीआरपी व आरपीएफ बल को भी बढ़ाया गया है. डीआरएम विनय श्रीवास्तव के जयनगर पहुंचने के दौरान जयनगर रेलवे स्टेशन परिसर में चाक चौबंद व्यवस्था बनी रही. जयनगर रेलवे स्टेशन से आगामी 25 फरवरी तक कुंभ मेला स्पेशल दो ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है. निरीक्षण के दौरान डीआरएम विनय श्रीवास्तव, सीनियर डीओएम विजय प्रकाश, निशांत चौधरी, सीनियर डीएनवन, संजय कुमार, जयनगर एसडीएम विरेंद्र कुमार, एसडीपीओ विप्लव कुमार, स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र दास, टीआई राजेश मोहन मल्लिक, सीडीओ गोल्डन कुमार, वाणिज्य प्रबंधक अनिल कुमार, सीटीटीआइ अर्जुन राउत, आरपीएफ प्रभारी रमेश कुमार, रेल थानाध्यक्ष वीणा देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार, थानाध्यक्ष अमित कुमार समेत अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
