Madhubani: बाइक सवार 3 बदमाशों ने डॉक्टर को घेरा, चाकू मारकर 40000 रुपये लूटे

मधुबनी के रहिका में शनिवार रात एक डॉक्टर से हथियार के बल पर 40,500 रुपये लूट लिए गए. अपराधियों ने चाकू से हमला कर चिकित्सक को घायल कर दिया. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Madhubani News: रहिका थाना क्षेत्र के बसौली-ईजरा मुख्य पथ पर शनिवार रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर एक चिकित्सक को घेरकर करीब 40,500 रुपये लूट लिये. अपराधियों ने चिकित्सक के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया. घटना के बाद पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है.

क्लिनिक बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे डॉक्टर

ईजरा गांव निवासी चिकित्सक अंसार अहमद उर्फ गुलाब शनिवार को केवटी थाना क्षेत्र के असराह स्थित अपना क्लिनिक बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. बसौली से ईजरा की ओर जाने के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है. संदेह होने पर उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी.

बताया जाता है कि रहि टोल दुर्गा मंदिर से आगे ईजरा गांव से पहले नहर पुल के पास पीछे से आ रहे तीन अपराधियों ने बाइक से डॉक्टर को घेर लिया.

चाकू से हमला कर जेब से निकाले रुपये

अपराधियों ने चिकित्सक पर चाकू से वार कर दिया. चाकू का वार उनकी गर्दन पर भी लगा. अचानक हुए हमले से चिकित्सक घबरा गये.

इसी दौरान अपराधियों ने उनकी जेब में रखे करीब 40,500 रुपये निकाल लिये और मौके से फरार हो गये. घटना शनिवार रात करीब 9:40 बजे की बतायी जा रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद चिकित्सक ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही रहिका थानाध्यक्ष ने पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा. पुलिस ने पीड़ित चिकित्सक से घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी.

अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. देर रात मुख्य सड़क पर हुई लूट की इस घटना से इलाके के लोगों में भी दहशत का माहौल है.

यह भी पढ़ें

Madhubani News: बेनीपट्टी में हथियारबंद बदमाशों का तांडव, वृद्ध महिला को बांधकर 2.5 लाख की लूट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kartik Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >