विभिन्न मामलों में 1250 आरोपियों को किया गिरफ्तार,116 प्रतिशत मामलाें का हुआ निबटारा
प्रतिनिधि, मधुबनी
जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर मधुबनी पुलिस ने जून माह के दौरान व्यापक अभियान चलाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देशन में पूरे जिले में लगातार कार्रवाई कर पुलिस ने विभिन्न कांडों का सफल उद्भेदन किया. बताया कि बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस व मादक पदार्थ बरामद किए. एसपी योगेंद कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पुलिस की सक्रियता से कई संभावित आपराधिक घटनाओं को होने से पहले ही रोका जा सका.जून माह के दौरान जिले में 1123 नए कांड दर्ज किए गए, जबकि 1304 कांडों का निष्पादन कर पुलिस ने 116 प्रतिशत निष्पादन का रिकॉर्ड बनाया. इस अवधि में 43 अनुसंधानकर्ताओं ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक मामलों का निष्पादन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.पुलिस अभियान के दौरान कुल 1250 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इनमें हत्या के 26 आरोपी, आर्म्स एक्ट के 22 आरोपी तथा एनडीपीएस एक्ट के 23 आरोपी शामिल हैं.
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने करीब 3.51 करोड़ रुपये मूल्य का सूखा नशा जब्त किया. इसके अलावा 668 किलोग्राम गांजा और 71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई. एनडीपीएस एक्ट के तहत 18 प्राथमिकी दर्ज की गईं. अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई में पुलिस ने 13 देसी कट्टा,पिस्टल तथा 13 कारतूस बरामद किए हैं. इस संबंध में आर्म्स एक्ट की 13 प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई. एसपी ने कहा कि जिले में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह का सघन अभियान जारी रहेगा.
