Phulparas News: नरहिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए झिटकी गांव से एक युवक को देसी पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की मंशा से इलाके में घूम रहा था. मामले में पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक
नरहिया थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि गुरुवार देर शाम सूचना मिली थी कि झिटकी गांव के तेलिया पोखरा घाट के पास एक युवक हथियार लेकर संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी में पिस्तौल और सात कारतूस बरामद
पुलिस का कहना है कि तलाशी के दौरान युवक की कमर से एक देसी पिस्तौल मिली, जिसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस था. इसके अलावा उसके पास मौजूद एक काले रंग के बटुए से छह अन्य जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
गिरफ्तार युवक की पहचान नरहिया थाना क्षेत्र के झिटकी गांव निवासी लालू मुखिया के रूप में हुई है.
पूछताछ के आधार पर दूसरे व्यक्ति पर भी केस
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने दावा किया कि बरामद हथियार उसे गांव के ही शंभू कामत ने रखने के लिए दिया था. इस बयान के आधार पर पुलिस ने शंभू कामत के विरुद्ध अवैध हथियार रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ में दिए गए बयान का सत्यापन किया जा रहा है.
गिरफ्तार युवक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. छापेमारी दल में पीटीसी कारु सिंह, सिपाही सुनील कुमार, विकास पासवान तथा महिला सिपाही आरती कुमारी, रीना कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
