Madhubani News: लदनियां प्रखंड की कुमरखत पूर्वी पंचायत अंतर्गत पथलगाढ़ा में मंगलवार को जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया. इसी मौके पर नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का भी शुभारंभ हुआ. इसके साथ ही पंचायतवासियों को कई सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ अब पंचायत स्तर पर ही मिलने लगेगा.
यह भी पढ़ें: साहू पोखर से गरीबनाथ मंदिर तक बदलेगा पूरा इलाका, बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर का मास्टर प्लान तैयार
वरीय उप समाहर्ता ने किया निरीक्षण
जनसहयोग शिविर का निरीक्षण वरीय उप समाहर्ता बिरजू दास ने किया. उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉल का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
कई विभागों के स्टॉल लगे, मौके पर हुआ समाधान
शिविर में राजस्व, पंचायत, शिक्षा, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, विद्युत विभाग, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड और पेंशन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए.
ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित विभागों को सौंपे. कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया.
अब पंचायत स्तर पर मिलेंगी सरकारी सेवाएं
अधिकारियों ने कहा कि पंचायत सरकार भवन शुरू होने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. अधिकांश प्रशासनिक और जनसेवा संबंधी सुविधाएं अब पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी.
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया नवीन कुमार, पंचायत समिति सदस्य श्रवण कुमार, बीडीओ राकेश कुमार ठाकुर, अंचलाधिकारी कुमार राजीव रंजन, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुरेश कुमार, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमितेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
