मधुबनी: पद्मा पंचायत में करीब तीन माह पूर्व हैंडओवर किए गए पंचायत सरकार भवन की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. हैंडओवर के कुछ ही समय बाद भवन की छत का प्लास्टर उखड़ने लगा है. जगह-जगह प्लास्टर कमजोर होकर टूटने से भवन की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है.
हैंडओवर के बाद सामने आने लगी समस्या
पद्मा पंचायत के मुखिया सुजीत कुमार पासवान एवं उपमुखिया विनोद रावपाल ने बताया कि काजल बिल्डर्स एंड डेवलपर्स प्रा. लि., मोतिहारी द्वारा पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया गया है. भवन को 6 जून को हैंडओवर किया गया था. इसके बाद ही छत के प्लास्टर में खराबी सामने आने लगी.
दोनों जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इसकी जानकारी लगातार संबंधित विभाग को दी गयी तथा शिकायत भी की गयी, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
तकनीकी जांच कराने की मांग
जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने और दोष पाए जाने पर संबंधित एजेंसी से मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जिस भवन का लंबे समय तक पंचायत के सरकारी कार्यों के लिए उपयोग किया जाना है, उसमें हैंडओवर के तीन माह के भीतर ही निर्माण संबंधी खामी सामने आना गंभीर मामला है.
जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें
फरक्का जल संधि पर जदयू का नीतीश संवाद, बिहार के हित में नहीं होने का दावा
