मधुबनी.
जिले के बच्चों एवं किशोरों को 4 मार्च को एल्बेंडाजोल की खुराक खिलाई जायेगी. इसमें जिले के 1-19 वर्ष के बच्चों को कृमि से बचाने के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत दवा खिलाई जायेगी. एनीमिया मुक्त भारत बनाने में इस दवा की भूमिका महत्वपूर्ण है. यह कार्यक्रम मुख्य रूप से सरकारी विद्यालय, अर्द्ध सरकारी, निजी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जायेगा. कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए गुरुवार को पारामेडिकल संस्थान रामपट्टी में सभी प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, बीसीएम, आइसीडीएस, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के कर्मियों प्रशिक्षण दिया गया. जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एस के विश्वकर्मा ने कहा कि 7 मार्च को अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों एवं किशोरों के लिए मॉप अप दिवस का आयोजन कर उन्हें दवा खिलाई जाएगी.प्रचार-प्रसार कर लोगों को किया जायेगा जागरूक
अभियान की सफलता को लेकर सभी सरकारी विद्यालयों एवं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पोस्टर, बैनर, पंपलेट और माइकिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार करायी जाएगी. ताकि एक भी बच्चा दवा खाने से छूट नहीं पाए. राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को उम्र के अनुसार खुराक दी जायेगी और इसके लिए लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है. अभियान को लेकर माइक्रोप्लान तैयार किया जाएगा और इसके हिसाब से बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी.
माइक्रोप्लान एवं लक्षित बच्चों की संख्या जल्दी होगी तय
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एस.के. विश्वकर्मा ने कहा कि जल्दी ही कृमि मुक्ति दिवस पर दवा खिलाये जाने वाले बच्चों की संख्या निर्धारित कर ली जाएगी. साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए माइक्रोप्लान भी समय से तैयार कर लिया जायेगा.
दवा का होता है मामूली साइड इफेक्ट
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने कहा है कि दवा के सेवन के बाद कुछ बच्चों में उल्टी या मिचली महसूस होती है. इससे घबराने की जरूरत नहीं है. पेट में कीड़े होने पर दवा खाने के बाद सिरदर्द, उल्टी, मिचली, थकान होना या चक्कर आना एक सामान्य प्रक्रिया है जो थोड़ी देर में ठीक हो जाती है. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, एसीएमओ डॉ. एसएन झा, डीआइओ डॉ. एसके विश्वकर्मा, डीपीएम पंकज मिश्रा, बीएचएम, बीसीएम, चिकित्सा पदाधिकारियों सहित विभिन्न विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
