Madhubani News: जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर समाहरणालय परिसर में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए. कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों से जुड़े कार्यों में आम नागरिकों को होने वाली कठिनाइयों को दूर करना और प्रशासन एवं जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है.
समाहरणालय में दर्जनों लोगों ने रखीं अपनी समस्याएं
जनसंवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे दर्जनों लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. अपर समाहर्ता ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
आपदा मित्र प्रशिक्षण से लेकर बाढ़ सुरक्षा किट की मांग
रहिका प्रखंड के सतलखा पंचायत निवासी नीतीश कुमार ने माई भारत पोर्टल पर आपदा मित्र के रूप में पंजीकरण के बाद जिला स्तरीय आपदा मित्र प्रशिक्षण एवं बाढ़ सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया.
वहीं राजनगर प्रखंड निवासी दुर्गेश कुमार चौपाल ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की मांग रखी.
बासगीत पर्चा और सरकारी जमीन आवंटन की शिकायत
जगदेव महतो ने बेनीपट्टी प्रखंड के बलाइन मौजा स्थित वासभूमि का बासगीत पर्चा अपने नाम से निर्गत करने का आवेदन दिया. वहीं फेकनी देवी, मजरही कलुआही प्रखंड ने महादलित एवं भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए सरकारी भूमि आवंटित करने की मांग रखी.
उद्योग, बिजली और निजी जमीन से जुड़े मामले भी उठे
खजौली प्रखंड के रसीदपुर पंचायत निवासी रोशन कुमार झा ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत उद्योग स्थापना के लिए थ्री-फेज विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की.
विजय चंद्र चौधरी ने बेनीपट्टी प्रखंड के नागवास पंचायत में निजी जमीन पर घर बनाने और मारपीट किए जाने की शिकायत की. बाबूबरही प्रखंड के तेघरा पंचायत निवासी चुल्हाई यादव ने विपक्षियों द्वारा मारपीट, धमकी एवं प्रताड़ना दिए जाने की शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी.
अधिकारियों ने समयबद्ध समाधान का दिया भरोसा
कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी अपने-अपने कक्षों में मौजूद रहे और जिलेभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं. अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की.
अपर समाहर्ता संतोष कुमार ने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. सभी पदाधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें.
‘सहयोग’ पोर्टल से घर बैठे दर्ज करें शिकायत
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं. यह व्यवस्था ऑनलाइन भी उपलब्ध है. नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत या समस्या दर्ज कर सकते हैं और निर्धारित अवधि में उसके निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
- पोर्टल पर जाएं.
- अपनी शिकायत या समस्या ऑनलाइन दर्ज करें.
- आवश्यक विवरण भरकर आवेदन जमा करें.
- आवेदन की स्थिति की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: मिथिला हाट की डाली सज्जा प्रतियोगिता में बढ़ रहा उत्साह, पांचवें दिन 21 नवविवाहिताओं ने लिया हिस्सा
