भारत-नेपाल सीमा पर 2.1 किलो गांजा के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर साहरघाट थाना पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2.1 किलोग्राम गांजा के साथ एक नेपाली तस्कर को दबोच लिया है. हालांकि, उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Madhubani News: साहरघाट थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.1 किलोग्राम गांजा के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल के महोतरी जिले के लोहारपट्टी निवासी एहजाद के रूप में हुई है. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया.

गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई

एसडीपीओ अमित कुमार ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि शुक्रवार सुबह एसएसबी गंगौर को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में साहरघाट थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम गठित की गई.

इसके बाद साहरघाट थाना के निकट तिराहा मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया.

बाइक सवार भागने लगे, एक आरोपी पकड़ा गया

वाहन जांच के दौरान मधवापुर की ओर से एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो चालक बाइक मोड़कर भागने लगा. इस दौरान पीछे बैठा व्यक्ति संतुलन खोकर गिर पड़ा और घायल होने के कारण भाग नहीं सका, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया.

बैग से बरामद हुआ 2.1 किलो गांजा

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के काले बैग की तलाशी ली, जिसमें से 2.1 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने फरार चालक की पहचान नेपाल के मुशहरणीया निवासी छोटू राजा के रूप में बताई.

पुलिस ने इस मामले में साहरघाट थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

कार्रवाई में साहरघाट थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार, एसआई योगेंद्र शर्मा तथा एसएसबी के अधिकारी और जवान शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dhananjay kumar dhir

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >