मधुबनी: मैथिली संगीत को नई पहचान देने की पहल, झंझारपुर में होगा मिथिला आइडल ऑडिशन

मैथिली संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से झंझारपुर में 28 जून से मिथिला आइडल का पहला ऑडिशन आयोजित होगा. अब तक 100 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं. आयोजकों के अनुसार ग्रैंड फिनाले का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा. पढ़ें पूरी खबर...

झंझारपुर (मधुबनी) से संजय कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani News: मिथिला की लोक एवं संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘मिथिला आइडल’ का पहला ऑडिशन 28 जून से झंझारपुर के जानकी विवाह भवन में आयोजित होगा. आयोजकों का दावा है कि मैथिली संगीत कला को समर्पित इस तरह का यह देश का पहला बड़ा आयोजन है. अब तक ऑनलाइन ऑडिशन के लिए 100 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं.

प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी

सम्राट अशोक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में मिथिला आइडल आयोजन एवं संचालन समिति के अध्यक्ष बबलू शर्मा ने बताया कि ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि मिथिला की समृद्ध संगीत परंपरा को नई पहचान देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है.

कलाकारों को मिलेगा सुनहरा अवसर

संचालन समिति के उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा ने कहा कि संगीत कला उत्थान संस्थान की पहल से मिथिलांचल के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा. समिति के कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करने वाले गायक महेश शर्मा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए आम लोगों का सहयोग लिया जा रहा है.

ऑनलाइन ऑडिशन में बढ़ रही भागीदारी

समस्तीपुर के संगीतज्ञ पंकज कार्ड ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागी बिना संगीत के अपनी गायन वीडियो क्लिप भेज रहे हैं. ऑडिशन के दौरान संगीत के साथ उनकी प्रस्तुति की रिकॉर्डिंग की जाएगी. स्थानीय गायक रामसेवक ठाकुर ने बताया कि पिछले पांच महीनों से इस आयोजन की तैयारी की जा रही थी और अब पहला ऑडिशन शुरू होने जा रहा है.

दो से तीन दिनों तक चल सकता है ऑडिशन

आयोजकों के अनुसार 28 जून से शुरू होने वाला ऑडिशन प्रतिभागियों की संख्या के आधार पर दो या तीन दिनों तक चल सकता है. उन्होंने बताया कि मिथिला आइडल का ग्रैंड फिनाले बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा. इसके लिए विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य चैनलों के साथ समझौते की प्रक्रिया चल रही है.

कई कलाकार और पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष बबलू शर्मा, उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा, रामसेवक ठाकुर, महेश शर्मा, सचिव नीतीश राय, कलाकार बीके बाबा उर्फ वैदेही शरण, रामकुमार महतो, संजीव शर्मा समेत कई सदस्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >