प्रेम विवाह के बाद विवाहिता का शव बरामद, हत्या का आरोप

घोघरडीहा थाना क्षेत्र से एक विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों के मुताबिक, प्रेम विवाह के बाद गांव लौटे युवक पर हत्या का आरोप है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Madhubani News: घोघरडीहा थाना क्षेत्र के परसा नवटोलिया गांव में एक विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शुक्रवार देर शाम भूतही बलान नदी के पूर्वी तटबंध के पश्चिम और नदी के पूरब कछार स्थित झाड़ियों से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया. मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है.

हत्या का आरोप, शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

मृतका के दादा राम जुलुम कामत ने घोघरडीहा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी पौत्री रश्मि कुमारी उर्फ रौशनी कुमारी की हत्या गांव के ही सौरभ कुमार ने कर शव को छिपा दिया.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस सौरभ कुमार के घर पहुंची, लेकिन वह फरार मिला. पुलिस ने उसकी मां अमीरा देवी से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, उनकी निशानदेही पर झाड़ियों से विवाहिता का शव बरामद किया गया.

प्रेम विवाह के बाद साथ रह रहे थे दोनों

परिजनों के अनुसार, 16 वर्षीय रश्मि और सौरभ कुमार के बीच प्रेम संबंध था. 22 अप्रैल को दोनों दिल्ली चले गए थे, जहां उन्होंने विवाह कर लिया. करीब एक माह पहले दोनों गांव लौटे और सौरभ के घर पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे.

8 जुलाई से था हत्या का संदेह

मृतका के दादा का आरोप है कि 8 जुलाई को उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी पौत्री की हत्या कर शव छिपा दिया गया है. इसके बाद उन्होंने सौरभ के घर जाकर जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शुक्रवार को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई.

मुख्य आरोपित फरार, मां से पूछताछ जारी

थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपित सौरभ कुमार फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं उसकी मां अमीरा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >