Madhubani News: बाबूबरही में जल्दी अमीर बनने के लालच में एक व्यक्ति ठगों के जाल में फंसकर डेढ़ लाख रुपये गंवा बैठा. ठगों ने तीन लाख रुपये देने का झांसा देकर पीड़ित के डेढ़ लाख रुपये अपने कब्जे में ले लिये और बदले में कागज के टुकड़ों से भरी गड्डी थमा दी. घटना सोमवार को बाबूबरही एसबीआई के पास की है.
SBI से डेढ़ लाख रुपये निकालकर निकले थे मंता
ठगी के शिकार मंता पंडित लदनिया थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के रहने वाले हैं. उनका खाता बाबूबरही एसबीआई में है. सोमवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने बैंक खाते से डेढ़ लाख रुपये की निकासी की. रुपये निकालकर बैंक से बाहर निकलते ही दो संदिग्ध व्यक्ति उनके आसपास मंडराने लगे.
मंता पंडित ने रुपये बाइक की डिक्की में रखे और घर के लिए निकल गये. आरोप है कि दोनों ठगों ने उनका पीछा किया. रास्ते में एक ठग ने उन्हें रोक लिया और रुमाल में लिपटा एक बंडल देते हुए उसमें तीन लाख रुपये होने की बात कही.
पोस्ट ऑफिस में FD कराने का दिया झांसा
ठग ने मंता पंडित को झांसा दिया कि वह पोस्ट ऑफिस में तीन लाख रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट कराने में उनकी मदद करेगा. भरोसा जीतने के लिए उसने मंता के पास मौजूद डेढ़ लाख रुपये अपने पास रख लिये. इसके बाद एक ठग कुछ दूर तक उनके साथ गया और फिर अचानक रास्ते से गायब हो गया.
घर पहुंचते ही खुला ठगी का राज
घर पहुंचने के बाद मंता पंडित ने रुमाल में बंधे बंडल को खोला तो उसमें रुपये की जगह कागज के टुकड़े मिले. यह देखकर उनके होश उड़ गये और वह बेहोश हो गये. होश में आने के बाद उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.
बैंक के CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले को लेकर मंता पंडित ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे बाबूबरही थाना में शिकायत दर्ज करायी. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. वैज्ञानिक पद्धति से मामले की जांच कर ठगी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: अब थैलेसीमिया मरीजों को नहीं खर्च करने होंगे लाखों रुपये, बिहार सरकार देगी मुफ्त बोन मैरो ट्रांसप्लांट
