Madhubani: 196 कार्टन विदेशी शराब जब्त, 4 वाहन भी पकड़े गये, तस्करों की तलाश तेज

मधुबनी जिले में मद्यनिषेध विभाग ने 18 अगस्त को बड़े पैमाने पर छापेमारी कर 196 कार्टन विदेशी शराब जब्त की है. इस दौरान 4 वाहन भी जब्त किए गए हैं. विभाग तस्करों की तलाश में जुट गया है.

Madhubani Liquor Seized: जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए मद्यनिषेध विभाग ने 18 अगस्त को सघन छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया. अधीक्षक मद्यनिषेध विजय कांत ठाकुर के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीमों ने विभिन्न संदिग्ध स्थलों और मार्गों पर कार्रवाई करते हुए कुल 196 कार्टन विदेशी शराब जब्त की. बरामद शराब की मात्रा करीब 1,720 लीटर बतायी गयी है.

दो जगहों पर छापेमारी में मिली शराब

अभियान के दौरान शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल एक छह चक्का कंटेनर, दो चार पहिया वाहन और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी. शराब और वाहनों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पहली कार्रवाई छपराड़ी थाना-खजौली क्षेत्र में की गयी. विशेष टीम ने एक स्कॉर्पियो और एक बुलेट मोटरसाइकिल की तलाशी ली. तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 38 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गयी. इसके बाद शराब और दोनों वाहनों को जब्त कर कार्रवाई शुरू की गयी.

मकरमपुर गाछी में कंटेनर से 157 कार्टन शराब बरामद

दूसरी बड़ी कार्रवाई सकरी थाना क्षेत्र के मकरमपुर गाछी में की गयी. यहां सघन जांच और छापेमारी के दौरान एक छह चक्का कंटेनर और एक चार चक्का वाहन की तलाशी ली गयी. दोनों वाहनों से कुल 157 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई.

दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर विभाग ने कुल 196 कार्टन विदेशी शराब जब्त की है.

वाहन मालिकों और अन्य आरोपितों की तलाश

इस मामले में संबंधित वाहनों के स्वामियों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. मद्यनिषेध विभाग शराब के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है.

अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान संलिप्तता सामने आने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

मद्यनिषेध अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है. गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध स्थलों और शराब परिवहन के संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ायी गयी है.

उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें

Madhubani News: जेल में रौशन यादव की मौत पर उठे सवाल, पुलिस ने कहा- जिला पुलिस की कोई भूमिका नहीं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadesh kumar das

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >