मधुबनी . शहर सहित जिले में महाशिवरात्रि की तैयारी पूरी कर ली गयी है. शिव-पर्वती विवाहोत्सव के रूप में महाशिवरात्रि का पर्व 26 फरवरी को मनाया जाएगा. महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शहर सहित जिले के शिवालयों का रंग-रोगन कर उसे आकर्षक तरीके से सजाया गया है. शिवालय व उसके आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर शिव मंदिरों में कृत्रिम प्रकाश की व्यवस्था की गयी है. ताकि महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े. शहर के महादेव मंदिर, रामेश्वरनाथ शिव मंदिर, मंगरौनी स्थित एकदशरूद्र शिव मंदिर, कपिलेश्वर शिव मंदिर, रहिका के उर्वशीनाथ शिव मंदिर सहित जिले के अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है. शिव-पार्वती की विवाहोत्सव के रूप में मनाये जाने वाले पर्व महाशिवरात्रि के दिन लोग दिनभर व्रत रख उनकी पूजा-अर्चना व जलाभिषेक करेंगे.शहर के महादेव मंदिर, एकदशरूद्र शिवमंदिर मंगरौनी, कपिलेश्वर शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों के प्रबंधकों व पुजारी ने कहा है कि महाशिवरात्रि के अवसर शिव-पार्वती का शृंगार व विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद शिवालयों का पट आमलोगों के लिए 26 फरवरी की सुबह ही खोल दिया जाएगा. ताकि श्रद्धालु नर-नारियां सुगमतापूर्वक शिव-पार्वती की आराधना व जलाभिषेक कर सकें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
