Madhubani: प्रधान लिपिक के घर लाखों की चोरी, वृद्ध मां को कमरे में बंद कर दिया वारदात को अंजाम

मधुबनी के शाहपुर गांव में देर रात चोरों ने हैरान कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया. घर में अकेली सो रही बुजुर्ग महिला को कमरे में बंद कर बदमाशों ने आराम से लाखों रुपये के जेवर, नकदी और जरूरी कागजात समेट लिए. सुबह जब घटना सामने आई तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

Madhubani News: बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मंगलवार देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने घर में अकेली सो रही वृद्ध महिला को कमरे में बाहर से बंद कर दिया और लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए.

घटना शाहपुर गांव के वार्ड संख्या-7 स्थित ब्रह्स्थान परिसर के पास की है. यहां रहने वाले दयानंद सिंह सिविल सर्जन कार्यालय दरभंगा में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं. वह फिलहाल अपने परिवार के साथ दरभंगा में रहते हैं, जबकि पैतृक घर में उनकी मां उर्मिला देवी अकेली रहती हैं.

दीवार फांदकर घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात उर्मिला देवी रोज की तरह मुख्य गेट में ताला लगाकर सो गई थीं. रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे और जिस कमरे में महिला सो रही थीं, उसे बाहर से बंद कर दिया.

इसके बाद चोरों ने घर के अन्य कमरों में रखी पेटी, बक्सा, ट्रंक, दीवान पलंग और गोदरेज का ताला तोड़ दिया. वहां रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी, कीमती साड़ियां और अन्य सामान चोरी कर लिया.

70 हजार नकद और कागजात भी चोरी

पीड़ित महिला ने बताया कि पलंग में करीब 70 हजार रुपये नकद और बैंक से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज रखे थे, जिन्हें भी चोर अपने साथ ले गए.

उन्होंने बताया कि जब उन्हें चोरी की भनक लगी तो उन्होंने खिड़की खोलकर शोर मचाया, लेकिन चहारदीवारी ऊंची होने के कारण आवाज बाहर तक नहीं पहुंच सकी.

फोन कर बुलाया गांव का युवक

काफी देर बाद उन्होंने गांव के एक सहयोगी युवक को फोन किया. युवक दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचा और कमरे की बंद घुंडी खोलकर महिला को बाहर निकाला. इसके बाद घर की स्थिति देखकर चोरी की घटना का पता चला.

पांच लाख से अधिक की चोरी

घटना की जानकारी मिलने के बाद गृहस्वामी दयानंद सिंह बुधवार सुबह शाहपुर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना पर अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार और एसआई प्रियंका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

गृहस्वामी के अनुसार, चोरी गए सामानों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक है.

मधुबनी बेनीपट्टी से धनंजय कुमार धीरज की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >