मैरिज हॉल का खर्च होगा कम, मधुबनी में 1.60 करोड़ से बन रहा सम्राट अशोक भवन

मधुबनीवासियों के लिए अच्छी खबर है. शहर के बीचों-बीच 7500 वर्ग फीट में 1.60 करोड़ की लागत से सम्राट अशोक भवन का निर्माण शुरू हो गया है. यह भवन गरीबों और मध्यमवर्ग को महंगे मैरिज हॉल से राहत देगा.

मधुबनी: शहरवासियों का करीब पांच साल का इंतजार अब खत्म होने वाला है. शहर के हृदय स्थल में बहुप्रतीक्षित सम्राट अशोक भवन का निर्माण शुरू हो गया है. स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के समीप करीब 7500 वर्ग फीट में बनने वाले इस भवन पर 1.60 करोड़ रुपये की लागत आयेगी.

भूमि का चयन कर निविदा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. सब कुछ ठीक रहा तो इस वर्ष भवन का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा. नगर निगम की इस पहल से शहर के गरीब, निम्न और मध्यमवर्गीय परिवारों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है.

महंगे मैरिज हॉल और होटलों में होने वाले खर्च से परिवारों को राहत मिलेगी. लोग सस्ती दर पर शादी-विवाह, जन्मोत्सव और अन्य मांगलिक कार्य सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित कर सकेंगे.

500 लोगों की क्षमता वाला वातानुकूलित सभाकक्ष

नगर निगम द्वारा बनाये जा रहे सम्राट अशोक भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. प्राप्त जानकारी के अनुसार भवन में करीब 500 लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल वातानुकूलित सभाकक्ष होगा.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बड़ा स्टेज और रंगमंच भी बनाया जाएगा. दूल्हा-दुल्हन और मेहमानों के लिए अटैच शौचालय व बाथरूम के साथ वेटिंग रूम की सुविधा उपलब्ध होगी.

भवन में विवाह, मुंडन, जन्मोत्सव, सामाजिक सभा तथा सरकारी और गैर-सरकारी बैठकों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी. कम आय वर्ग के परिवारों के लिए विशेष रियायती दर पर बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है.

नगर निगम कार्यालय से शुरू होगी बुकिंग

भवन का निर्माण पूरा होने के बाद इसकी बुकिंग की प्रक्रिया नगर निगम कार्यालय से शुरू की जाएगी. निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही गयी है, ताकि भवन लंबे समय तक टिकाऊ रहे.

7 साल से प्रस्तावित था भवन, दो बार लौट चुका था फंड

सम्राट अशोक भवन का प्रस्ताव नया नहीं है. करीब सात साल से इसके निर्माण की चर्चा चल रही थी. स्थल चयन को लेकर कई बार विचार-विमर्श हुआ था. भवन का डीपीआर भी तैयार किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों और स्थल विवाद के कारण सरकार से मिला फंड दो बार वापस लौट गया था.

इस बार नगर निगम ने सभी अड़चनों को दूर कर अंतिम रूप से स्थल का चयन किया. इसके बाद निविदा की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. निर्माण शुरू होने से शहरवासियों में खुशी है.

शहर के बीच में होने से पहुंचना होगा आसान

सम्राट अशोक भवन के लिए चुनी गयी जगह इसकी प्रमुख खासियतों में शामिल है. यह भवन शहर के बिल्कुल मध्य में स्थित है. इसके आसपास थाना, सदर अस्पताल, बैंक, मुख्य बाजार और नगर निगम कार्यालय मौजूद हैं.

केंद्रीय स्थान पर होने के कारण आम लोगों के लिए यहां पहुंचना आसान होगा. इससे सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी यह महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है.

क्या कहते हैं महापौर

महापौर अरुण राय ने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोगों के लिए एक सहारा है. सस्ती दरों पर उपलब्ध होने वाला यह भवन गरीब परिवारों का आर्थिक बोझ कम करेगा और उन्हें सम्मान व गरिमा के साथ अपने खुशी के पल मनाने का अवसर देगा.

उन्होंने कहा कि भवन लोगों को अनावश्यक खर्च से बचाने में मदद करेगा और उनकी खुशियों में चार चांद लगाएगा. सम्राट अशोक भवन का निर्माण मधुबनी के विकास में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.

यह भी पढ़ें

मधुबनी में पर्व-त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट, नशा तस्करों की बनेगी थाना-वार सूची; संपत्ति जब्ती की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok kumar thak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >