मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी शहर में भीषण गर्मी के बीच मंगलवार रात बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई. ओवरलोडिंग और तकनीकी खराबी के कारण कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, जिससे लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली संकट का सबसे ज्यादा असर पेयजल आपूर्ति पर देखने को मिला, क्योंकि कई मोहल्लों में नल-जल योजना भी ठप हो गई.
तीन फीडरों में आई बड़ी खराबी
बिजली विभाग के अनुसार मंगरौनी फीडर, कोशी फीडर और ओल्ड फीडर में अचानक लोड बढ़ने से कई जगह तकनीकी दिक्कतें उत्पन्न हो गईं. नोनिया टोल, चभचा चौक, चूड़ी बाजार और बारी बाजार समेत कई इलाकों में सर्विस लाइन के बंच केबल जल गए. कुछ जगहों पर ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए.
75 ट्रांसफार्मरों में फ्यूज खराब
कनीय अभियंता अनिल कुसुम ने बताया कि एक साथ 75 ट्रांसफार्मरों के फ्यूज खराब हो गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. कई स्थानों पर सर्विस वायर भी जल गए, जिसके कारण मरम्मत कार्य में अतिरिक्त समय लगा.
बिजली संकट से पानी की किल्लत
बिजली नहीं रहने से नोनिया टोल, संकटमोचन कॉलोनी, विनोदानंद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में पानी की समस्या भी गहरा गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि नल-जल योजना बंद रहने से भीषण गर्मी में पेयजल संकट खड़ा हो गया.
मिस्त्रियों और ट्रांसफार्मरों की कमी बनी वजह
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पर्याप्त बिजली मिस्त्री नहीं होने के कारण खराबी दूर करने में देर होती है. वहीं, जिन इलाकों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का प्रस्ताव था, वहां अब तक काम पूरा नहीं हुआ है. विभाग का कहना है कि बढ़ते लोड के कारण समस्या और गंभीर हो रही है.
