Madhubani News: 12,700 गरीब परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी, मिलेगी 12 मेगावाट सोलर बिजली

Madhubani News: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मधुबनी के 12,700 बीपीएल परिवारों को लाभ मिलेगा. योजना लागू होने के बाद जिले को 12 मेगावाट अतिरिक्त हरित ऊर्जा प्राप्त होगी, जिससे बिजली खर्च घटेगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा. पढ़ें पूरी खबर…

मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी में स्वच्छ और सस्ती बिजली को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले के हजारों गरीब परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है. योजना के लागू होने के बाद मधुबनी को करीब 12 मेगावाट अतिरिक्त हरित ऊर्जा मिलेगी, जिससे बिजली उत्पादन बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी.

12,700 बीपीएल परिवारों को मिलेगा लाभ

रविवार को पटना में आयोजित कार्यक्रम से मधुबनी समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष वर्चुअल माध्यम से जुड़ा. इस दौरान अधिकारियों को बताया गया कि जिले के 21 प्रखंडों की 105 पंचायतों के लगभग 12,700 बीपीएल परिवारों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ दिया जाएगा. इन परिवारों के घरों में सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था विकसित की जाएगी.

बिजली बिल में मिलेगी राहत

सरकार पहले से घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दे रही है. अब सौर ऊर्जा संयंत्र लगने के बाद पात्र परिवारों का बिजली खर्च और कम होगा. साथ ही लोगों को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का सीधा लाभ मिलेगा.

जागरूकता और गुणवत्ता पर रहेगा जोर

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि यह योजना केवल बिजली उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने और कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया.

हरित भविष्य की ओर बढ़ता मधुबनी

बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ योजना को तेजी से लागू करने पर जोर दिया गया. कार्यक्रम में मौजूद लाभुकों ने भी योजना को आम लोगों के लिए लाभकारी बताते हुए सरकार के प्रति आभार जताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >