मधुबनी झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी झंझारपुर में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां कमला नदी में नहाने गए एक शिक्षक के 13 वर्षीय इकलौते बेटे की डूबने से मौत हो गई. यह घटना झंझारपुर आरएस थाना क्षेत्र के परतापुर के पास शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुई.
नहाते समय गहरे पानी में गया मासूम
मृतक की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के सिसवार गांव निवासी उज्ज्वल कुमार के रूप में हुई है. उज्ज्वल स्थानीय डीएवी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था.उसके पिता अखिलेश कुमार मिश्र बेरमा गांव के मिडिल स्कूल में प्रधानाध्यापक हैं. बताया जा रहा है कि उज्ज्वल अपने चार दोस्तों के साथ कमला नदी में नहाने गया था.इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.उसे डूबता देख डरे-सहमे दोस्त वहां से भाग निकले और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी.
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद निकला शव
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ ऋतु सोनी और आरएस थानाध्यक्ष माया कुमारी मौके पर पहुंचीं. एसडीएम कुमार गौरव ने बेनीपट्टी से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम बुलाई. हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही परतापुर के स्थानीय गोताखोरों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उज्ज्वल को नदी से बाहर निकाला.बच्चे को जीवित समझकर तुरंत अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ. चंद्रशेखर चौधरी ने उसे मृत घोषित कर दिया. पिता के इनकार के बाद पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया. इकलौते बेटे की मौत से मां मीनाक्षी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.
