मधुबनी के मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों की पुणे में गूंज, राष्ट्रीय कूडो चैंपियनशिप में जीते कुल 8 पदक

Madhubani News: पुणे में आयोजित राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में मधुबनी के 8 खिलाड़ियों ने जीते पदक. प्रियंका सिंह और उनके बेटे दिव्यम को रजत, बेटी दिव्या श्री को मिला स्वर्ण. खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने किया सम्मानित. जानिए खबर विस्तार से…

Madhubani News: महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित राष्ट्रीय कूडो (Kudo) प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है. कूडो एसोसिएशन बिहार के द्वारा चयनित खिलाड़ियों में सबसे शानदार प्रदर्शन मधुबनी जिले के मार्शल आर्ट्स योद्धाओं का रहा है. इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मधुबनी के कुल आठ खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विभिन्न श्रेणियों में पदक हासिल किए हैं. खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से न केवल मिथिलांचल बल्कि पूरे बिहार का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरव से ऊंचा हुआ है.

एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने जीते मेडल

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की सबसे खूबसूरत और अनोखी तस्वीर तब सामने आई, जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने पदक तालिका में अपना नाम दर्ज कराया. खेल जगत में विरले ही दिखने वाले इस वाकये में प्रियंका सिंह (31 वर्ष से अधिक, सीनियर महिला वर्ग – 210 किलो) ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए देश में रजत (Silver) पदक हासिल किया. वहीं, उनकी राह पर चलते हुए उनके पुत्र दिव्यम सिंह ने अंडर-10 बालक वर्ग (39 किलो) में देश भर के खिलाड़ियों को शिकस्त देकर रजत पदक पर कब्जा जमाया. इसी परिवार की सबसे छोटी सदस्य और प्रियंका सिंह की पुत्री दिव्या श्री ने अंडर-6 बालिका वर्ग (+24 किलो) में अपने आक्रामक खेल के बदौलत स्वर्ण (Gold) पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.

इन श्रेणियों में मिले पदक

कूडो एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष सह मुख्य प्रशिक्षक शिहान कुमार चंदन के मार्गदर्शन में गए अन्य खिलाड़ियों ने भी पुणे की धरती पर शानदार प्रदर्शन किया. पदक विजेताओं की सूची इस प्रकार है:

  • अंडर-12 बालक वर्ग (30 किलो) में जीतन कुमार ने शानदार पंच और किक के बदौलत कांस्य (Bronze) पदक जीता.
  • अंडर-9 बालिका वर्ग (27 किलो) में अनुष्का कुमारी ने अपनी श्रेणी में कड़ा संघर्ष करते हुए कांस्य पदक हासिल किया.
  • अंडर-21 पुरुष वर्ग (250 किलो) की हैवीवेट श्रेणी में शिवम सिंह ने राज्य के लिए रजत पदक जीता.
  • अंडर-19 पुरुष वर्ग (250 किलो) में आयुष कुमार ने अपनी तकनीकी श्रेष्ठता दिखाते हुए रजत पदक पर कब्जा किया.
  • अंडर-19 पुरुष वर्ग (220 किलो) में लक्ष्य राज मिश्रा ने उम्दा खेल का प्रदर्शन कर रजत पदक अपने नाम किया.

इन पदक विजेताओं के अलावा टीम में शामिल सुमन कुमार दास एवं सूरज कुमार ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए सहभागिता स्थान प्राप्त किया.

जिला खेल भवन में हुआ भव्य अभिनंदन

पुणे से मेडल जीतकर स्वदेश लौटे सभी विजेता खिलाड़ियों का मधुबनी जिला खेल भवन में भव्य स्वागत और नागरिक अभिनंदन किया गया. जिला खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट खेल के लिए बधाई दी और अपने हाथों से प्रशस्ति पत्र व स्मृति प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया.

जिला खेल पदाधिकारी ने सराहा

इस अवसर पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मधुबनी के बच्चों ने जिस अनुशासन, कड़े आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया है, वह अद्भुत है. इन सभी का प्रदर्शन न केवल इनके अभिभावकों को सुकून देने वाला है, बल्कि इससे पूरा सूबा गौरवान्वित महसूस कर रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ियों के इस कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के बल पर आने वाले समय में बिहार के ये लाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तिरंगा लहराएंगे. इस सम्मान समारोह के दौरान पुष्पक कुमार सिंह सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी, और खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित रहे.

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >