मधुबनी: धर्मडीहा पंचायत में 100 यूनिट पौधारोपण का फैसला, जल संरक्षण पर जोर

Madhubani News: धर्मडीहा पंचायत में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित आमसभा में वर्ष 2026-27 में 100 यूनिट पौधारोपण का निर्णय लिया गया. जल संरक्षण के लिए सूखे नदी-तालाबों के जीर्णोद्धार की योजना भी बनाई गई और पौधारोपण अभियान शुरू हुआ. पढ़ें पूरी खबर…

मधुबनी के फुलपरास से जगदीश कुमार की रिपोर्ट

Madhubani News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फुलपरास प्रखंड की धर्मडीहा पंचायत में पर्यावरण संरक्षण को लेकर अहम पहल की गई. पंचायत भवन में आयोजित विशेष आमसभा में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पर्यावरण को बचाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और हरियाली बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए. बैठक में पंचायत के विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर व्यापक चर्चा हुई.

पंचायत में लगाए जाएंगे 100 यूनिट पौधे

मुखिया विभा सिंह की अध्यक्षता में हुई आमसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान पंचायत क्षेत्र में 100 यूनिट पौधारोपण किया जाएगा. इसके तहत विभिन्न वार्डों में फलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ लोगों को स्वच्छ वातावरण भी मिल सके.

जल संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में भूजल स्तर में गिरावट और जल संकट की संभावनाओं को देखते हुए सूख चुके नदी, पोखर और तालाबों के जीर्णोद्धार का भी फैसला लिया गया. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने से न सिर्फ जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों और ग्रामीणों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा.

आमसभा के बाद शुरू हुआ पौधारोपण

बैठक समाप्त होने के बाद मुखिया विभा सिंह के नेतृत्व में पंचायत के विभिन्न वार्डों में पौधारोपण अभियान चलाया गया. इस दौरान दर्जनों फलदार पौधे लगाए गए और लोगों को उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी गई. कार्यक्रम में पूर्व मुखिया संतोष कुमार सिंह, वार्ड सदस्य, पंचायत कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने मिलकर पंचायत को हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने का संकल्प लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >