Madhubani News: करंट लगने से 13 साल के मासूम की मौत, तेज धमाके के साथ हुआ शॉर्ट सर्किट

Madhubani News: मधुबनी के बसबरिया गांव में बिजली के शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से 13 वर्षीय रौनक कुमार यादव की मौत हो गई. इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना से परिवार सदमे में है. पढे़ं पूरी खबर…

मधुबनी के बेनीपट्टी से धनंजय कुमार धीरज की रिपोर्ट

Madhubani News: मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अनुमंडल स्थित साहरघाट थाना क्षेत्र के बसबरिया गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. घर के आंगन में मौजूद 13 वर्षीय रौनक कुमार यादव की बिजली के शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है.

आंगन में खड़े बच्चे को लगा करंट

मिली जानकारी के अनुसार, बसबरिया गांव निवासी श्याम सुंदर यादव का पुत्र रौनक कुमार यादव सुबह घर के आंगन में लगे बिजली बोर्ड के पास खड़ा था. इसी दौरान अचानक बोर्ड में तेज आवाज के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ और रौनक उसकी चपेट में आ गया. करंट लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए साहरघाट के एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे. वहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बेटे की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्य बदहवास नजर आए. घटना की सूचना मिलने पर साहरघाट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >