मधुबनी न्यूज: लदनियां के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुमरखत में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. विद्यालय स्तर पर सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रभारी प्रधानाध्यापक पिंकी झा ने मेडल, डायरी और कलम देकर सम्मानित किया. सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे.
निशा, अनुष्का और नंदिनी ने किया टॉप
कक्षा 10वीं में निशा कुमारी ने विद्यालय में सर्वोच्च अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं 12वीं साइंस में अनुष्का आनंद और 12वीं आर्ट्स में नंदिनी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया.
मैट्रिक में निशा के बाद निधि कुमारी ने दूसरा और मेधा कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. इंटरमीडिएट साइंस में कृष्ण कुमार दूसरे और मनीष कुमार यादव तीसरे स्थान पर रहे.
आर्ट्स में चंद्रिका और सपना रहीं आगे
इंटरमीडिएट आर्ट्स में चंद्रिका कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि सपना कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. विद्यालय की ओर से सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया.
प्रभारी प्रधानाध्यापक पिंकी झा ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है. उन्होंने कहा कि अच्छे प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से दूसरे छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा लेनी चाहिए.
शिक्षकों और अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
सम्मान समारोह में विद्यालय के शिक्षक, कर्मी, प्रबंध समिति के सदस्य और समाजसेवी मौजूद रहे. कार्यक्रम में शिव शंकर मेहरा, आशुतोष कुमार मिश्र, गोविंद कुमार साह, सुमन कुमार साह, अताउर्रहमान, संत कृपाल पासवान, दीपक कुमार पाल, श्रवण कुमार और रौशन कुमार सुमन सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे.
लिपिक मो. नसरुल्लाह, शिक्षा प्रेमी अशोक कामत, प्रबंध समिति सदस्य मानती देवी और समाजसेवी दिलीप कुमार कामत ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. विद्यालय परिवार ने मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढे़ं:
मधुबनी में डीएम से सीधे शिकायत कर सकेंगे लोग, घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
