मधुबनी क्राइम: जयनगर थाना क्षेत्र के दुमका रोड में आठ अगस्त की रात किराना व्यवसायी को गोली मारकर पांच लाख रुपये लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लूट की रकम में से 75 हजार रुपये, तीन मोबाइल फोन और व्यवसायिक कागजात बरामद किए गए हैं. मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के अनुसार, आठ अगस्त की रात किराना व्यवसायी टिंकु कुमार महतो दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान दुमका रोड में बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. इसके बाद अपराधी उनके पास रखे पांच लाख रुपये और अन्य कागजात लूटकर फरार हो गए.
घटना के बाद नौ अगस्त को जयनगर थाना में कांड संख्या 389/26 दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की.
CCTV और तकनीकी जांच से मिली अहम सुराग
एसडीपीओ जयनगर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. इसके अलावा पुलिस ने मुखबिरों और अन्य स्रोतों से भी जानकारी जुटायी.
जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने देवधा थाना क्षेत्र के पिढ़वा टोला निवासी प्रशांत कुमार दिवाकर और जयनगर थाना क्षेत्र के बेला निवासी अभिरंजन कुमार को गिरफ्तार किया.
कर्ज चुकाने और नशे के लिए बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में प्रशांत कुमार दिवाकर ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि उसके ऊपर काफी कर्ज था और वह नशे का भी आदी था. कर्ज चुकाने के लिए रुपये की जरूरत होने पर उसने अपने साथियों के साथ लूट की योजना बनाई.
पुलिस के मुताबिक, प्रशांत ने अपने मित्र अभिरंजन कुमार के अलावा चंदन साह और दो अन्य साथियों कृष्णा एवं अमरजोत कुमार यादव के साथ मिलकर व्यवसायी को निशाना बनाने की साजिश रची थी.
75 हजार रुपये और तीन मोबाइल बरामद
गिरफ्तार दोनों आरोपितों के पास से पुलिस ने लूट की रकम में से 75 हजार रुपये बरामद किए हैं. इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और व्यवसाय से जुड़े कागजात भी मिले हैं.
पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें:
Bihar Weather: 15 से 19 अगस्त तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, जानें अपने जिले का हाल
