मधुबनी में आरओबी, रिंग रोड और केंद्रीय विद्यालय समेत कई परियोजनाओं पर तेजी, विधायक माधव आनंद का दावा

मधुबनी में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की उम्मीद है. विधायक माधव आनंद ने आरओबी, रिंग रोड, केंद्रीय विद्यालय और चीनी मिलों के पुनर्जीवन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर प्रगति का दावा किया है. आने वाले समय में जिले में बड़े बदलाव दिखाई देंगे.

Madhubani News: मधुबनी विधायक माधव आनंद ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि आने वाले दिनों में जिले में बड़े स्तर पर विकास कार्य दिखाई देंगे. उन्होंने बताया कि रेलवे गुमटी संख्या-13 पर आरओबी, रिंग रोड, केंद्रीय विद्यालय, मिथिला हाट, अटल कला भवन, चीनी मिलों के पुनर्जीवन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है.

आठ माह में कई विकास कार्यों को मिली गति

विधायक ने कहा कि अपने लगभग आठ माह के कार्यकाल में उन्होंने अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं, बिजली, पेयजल, प्रशासनिक सहायता तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद को प्राथमिकता दी है. साथ ही दीर्घकालिक विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ लगातार समन्वय किया गया है.

आरओबी, सड़क और रिंग रोड परियोजनाओं में प्रगति

उन्होंने बताया कि रेलवे गुमटी संख्या-13 पर बहुप्रतीक्षित आरओबी के निर्माण के लिए रेलवे बोर्ड और राज्य सरकार के साथ समन्वय के बाद डीपीआर और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. निधि चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण के लिए वन विभाग की एनओसी अंतिम चरण में है. वहीं हनुमान मंदिर से रेलवे गुमटी संख्या-13 तक सड़क को आरडब्ल्यूडी से आरसीडी में स्थानांतरित कर रेलवे की आवश्यक एनओसी प्राप्त कर ली गई है.

इसके अलावा कोतवाली चौक–पेठघाट सड़क, मधुबनी रिंग रोड तथा कनकपुर-जगतपुर सड़क परियोजनाओं को भी गति मिलने की बात कही.

शिक्षा, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा

माधव आनंद ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वाटसन स्कूल में केंद्रीय विद्यालय संचालन तथा उसे मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है. इसके अलावा मिथिला हाट, डिग्री कॉलेज, सरकारी छात्रावास और पंडौल औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं पर भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है.

चीनी मिलों के पुनर्जीवन पर जोर

उन्होंने बताया कि सकरी, रैयाम और लोहट चीनी मिलों के पुनर्जीवन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सकरी और रैयाम चीनी मिलों के पुनः संचालन को बिहार सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि लोहट चीनी मिल के पुनर्संचालन की प्रक्रिया जारी है. इससे किसानों, युवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है.

अन्य परियोजनाओं पर भी जारी है काम

विधायक ने बताया कि करीब 19.73 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन की स्वीकृति मिल चुकी है. इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, सिंचाई योजनाओं, पर्यटन विकास, दरभंगा एयरपोर्ट से बेहतर सड़क संपर्क, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, अतिरिक्त सबमर्सिबल पंप तथा ग्रामीण सड़क निर्माण जैसी कई योजनाओं पर भी कार्य चल रहा है.

उन्होंने कहा कि अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है, लेकिन मधुबनी के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और प्रयास लगातार जारी रहेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nagendra nath jha

पिछले 20 वर्षों से प्रिंट पत्रकारिता में सक्रिय हैं. देश के कई प्रतिष्ठित नेशनल न्यूज चैनलों में काम करने के कारण राजनीतिक घटनाक्रमों और राजनीतिक दलों की खबरों के विशेषज्ञ माने जाते हैं. राजनीतिक विश्लेषण और पैनी रिपोर्टिंग में इन्हें महारथ हासिल है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >