Kapileshwar Temple Madhubani: कपिलेश्वर स्थान मंदिर एवं धर्मशाला की वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये गये हैं. मंदिर एवं धर्मशाला न्यास बोर्ड के अध्यक्ष सह सदर एसडीओ को आवेदन देकर वित्तीय व्यवस्था की जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मंदिर का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की गयी है.
आय-व्यय और वित्तीय रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराने का आरोप
सुदर्शन कुमार ने आवेदन में कहा है कि बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद, पटना की ओर से जारी अधिसूचना और उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद कपिलेश्वर स्थान मंदिर एवं धर्मशाला की विधि-व्यवस्था और वित्तीय लेन-देन से संबंधित आधिकारिक अभिलेख, आय-व्यय का विवरण और वित्तीय प्रमाण अब तक न्यास समिति को उपलब्ध नहीं कराया गया है.
उन्होंने मंदिर के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है.
पुजारी की नियुक्ति और संचालन व्यवस्था का भी मामला
आवेदन में मंदिर में पुजारी की विधिवत नियुक्ति, दैनिक पूजा-पाठ और मंदिर के नियमित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की मांग की गयी है.
आवेदक का कहना है कि मंदिर की वित्तीय और प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जरूरी है.
जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
सुदर्शन कुमार ने मांग की है कि मंदिर के सभी वित्तीय और प्रशासनिक अभिलेखों, आय-व्यय तथा लेन-देन की निष्पक्ष जांच करायी जाए. जांच में अनियमितता या किसी की जिम्मेदारी सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता राजस्व और बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद, पटना को भी आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: अब झंझारपुर में ही होगी UPSC-BPSC की तैयारी, 80 सीटों वाली ई-लाइब्रेरी को मंजूरी
