Jhanjharpur News: महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए झंझारपुर पुलिस ने नई पहल शुरू की है. अब अनुमंडल क्षेत्र की सड़कों पर पुलिस दीदी नजर आएंगी. बिहार सरकार की ओर से झंझारपुर अनुमंडल पुलिस को तीन स्कूटी और तीन बाइक उपलब्ध करायी गयी हैं. शुक्रवार को झंझारपुर थाना परिसर में आयोजित सादे समारोह में इस अभियान की शुरुआत की गयी.
स्कूल-कॉलेज और बाजारों में होगी विशेष निगरानी
एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी और महिला पदाधिकारी पुलिस दीदी के रूप में थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करेंगी. स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी, जहां महिलाओं और छात्राओं का आवागमन अधिक होता है.
इसके अलावा सुनसान और संवेदनशील इलाकों में भी नियमित गश्ती की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना है.
छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसडीपीओ ने बताया कि छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी, हिंसा या अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस दीदी सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर नजर रखेंगी.
किसी महिला या बच्ची को परेशानी होने पर पुलिस दीदी मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएंगी. साथ ही संबंधित थाना और डायल-112 टीम को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी.
डायल-112 के प्रति भी करेंगी जागरूक
पुलिस दीदी महिलाओं और बच्चियों को आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 के बारे में भी जागरूक करेंगी. किसी आपात स्थिति में तत्काल मदद लेने के तरीके की जानकारी दी जायेगी.
इस पहल से महिलाओं को पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है. खासकर स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं और बाजारों में आने-जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जायेगा.
कार्यक्रम के मौके पर इंस्पेक्टर राज कपूर कुशवाहा, थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे.
