मधुबनी: भैरवस्थान थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-27 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्णिया से दरभंगा जा रही सुपर हमसफर बस से 27 किलो 150 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया है. पुलिस ने मामले में दो महिलाओं समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद पदार्थ की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है. पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं.
गुप्त सूचना पर एनएच-27 पर रोकी गयी बस
थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सुपर हमसफर बस से गांजा ले जाया जा रहा है. इसके बाद पुलिस ने एनएच-27 पर हैठी वाली गांव जाने वाले कट के पास बस को रोककर तलाशी ली.
बस की तलाशी के लिए प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, झंझारपुर अमरेश कुमार को दंडाधिकारी के रूप में बुलाया गया. उनकी मौजूदगी में संदिग्ध चारों यात्रियों की बारी-बारी से तलाशी ली गयी.
दो महिलाओं के पास से 16 किलो गांजा बरामद
तलाशी के दौरान बबीता देवी और चम्पा देवी, दोनों निवासी ठाठा गांव, थाना मानसी, जिला खगड़िया के पास से 8-8 किलो गांजा बरामद किया गया.
वहीं, रंजीत मुखिया, निवासी सुदै गांव, थाना फुलपरास, जिला मधुबनी के पास से 6 किलो 150 ग्राम और रंजीत साह, निवासी पिपरा खुर्द, थाना भपटियाही, जिला सुपौल के पास से 5 किलो गांजा बरामद हुआ.
इस तरह चारों के पास से कुल 27 किलो 150 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार इसे 27 पारदर्शी पैकेटों में रखा गया था.
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन, P-1 से P-27 तक पैकेट सील
पुलिस ने मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू से बरामद पदार्थ का वजन किया. सभी पैकेटों को P-1 से P-27 तक चिह्नित कर सील किया गया. इसके अलावा चारों आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किये गये.
पुलिस ने बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार कर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा जैसा पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था. पुलिस चारों आरोपियों से जुड़े तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है. बरामद पदार्थ की अंतिम प्रकृति की पुष्टि जांच के अनुसार होगी.
यह भी पढ़ें
झंझारपुर में IDBI ATM से 3.08 लाख रुपये की चोरी, गैस कटर से काटकर ले गये कैश बॉक्स
