नीट धांधली और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

Jaynagar Congress Protest: मधुबनी के जयनगर में सोमवार को नीट परीक्षा धांधली, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस ने आक्रोश मार्च निकालकर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका.

मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट

Jaynagar Congress Protest: बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सोमवार को जयनगर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में स्टेशन चौक पर विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया. नीट (NEET) परीक्षा में हुई कथित व्यापक धांधली, देश में बढ़ती बेरोजगारी और बेकाबू महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार आक्रोश मार्च निकाला. प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और एक सभा का आयोजन किया.

Madhubani News: केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी

आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व मधुबनी जिला कांग्रेस कमेटी (पश्चिम) की जिलाध्यक्ष मीना देवी कुशवाहा ने किया, जबकि मंच का संचालन जयनगर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार महतो ने किया. विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों ने हिस्सा लिया. हाथों में विरोध दर्ज कराती तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और स्टेशन चौक को पूरी तरह राजनीतिक सरगर्मी से भर दिया.

लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में

पुतला दहन के उपरांत आयोजित सभा को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मीना देवी कुशवाहा ने केंद्र पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों से देश के लाखों होनहार छात्रों का भविष्य पूरी तरह प्रभावित और अंधकारमय हुआ है.

युवाओं को नहीं मिल रहा रोजगार

इसके साथ ही उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने आम नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है. देश के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त और सही अवसर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं. उन्होंने मांग की कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा करे और महंगाई पर तुरंत लगाम लगाए.

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करेगी कांग्रेस

वहीं, प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार महतो ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष करती रही है. उन्होंने संकल्प दोहराया कि आगे भी छात्रों, युवाओं, किसानों एवं आम नागरिकों की आवाज को पूरी मजबूती से बुलंद किया जाता रहेगा. उन्होंने चेतावनी कि यदि जनहित के इन गंभीर मुद्दों पर सरकार ने जल्द ही कोई ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो इस आंदोलन को आगे चलकर और तेज व उग्र किया जाएगा.

इस महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रदर्शन के दौरान नवेंदु झा, सुजीत कुमार यादव, शिव शंकर चौधरी, अजय झा, अयोधी पासवान, मो. आरिफ, धनुष लाल महतो, प्रदीप पंजियार, संजय कुमार सिंह, सत्यनारायण यादव, संतोष कुमार यादव, कपिल देव शाह, धीरेंद्र कुमार सिंह, मुकेश सिंह कुशवाहा, राजकमल सिंह कुशवाहा सहित भारी संख्या में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >