Madhubani News: जिला मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया. मुख्य समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इससे पूर्व उन्होंने डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया. समारोह में पुलिस जवानों, महिला होमगार्ड और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत कर देशभक्ति का माहौल बनाया.
स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को किया याद
ध्वजारोहण के बाद समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम में मधुबनी के वीर सपूतों के योगदान को याद किया और शहीद स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया. उन्होंने कहा कि मिथिलांचल में मधुबनी की धरती का गौरवशाली इतिहास रहा है. स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जिले के वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया. उनके त्याग और बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के अनुरूप विकास और सामाजिक न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है.
गरीबों और वंचितों तक पहुंचाने की बात
प्रभारी मंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन गरीबों, वंचितों और अल्पसंख्यकों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संकल्पित है. सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है.
21 प्रखंडों में आदर्श माध्यमिक विद्यालय
उन्होंने कहा कि जिले के सभी 21 प्रखंडों में आदर्श माध्यमिक विद्यालय स्थापित किए गए हैं. इसके अलावा सात प्रखंडों में नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोले गए हैं. इस वर्ष जिले में दो नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना भी की गई है. इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा.
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पोशाक योजना और साइकिल योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों के खातों में राशि हस्तांतरित की गई है. सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं हो.
खाद्य सुरक्षा योजना का भी किया उल्लेख
प्रभारी मंत्री ने खाद्य सुरक्षा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के सभी लाभुकों को प्रत्येक माह निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है. सरकार गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
परेड में एसएसबी की टुकड़ी रही प्रथम
मुख्य समारोह में पुलिस जवानों, महिला होमगार्ड और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की. जवानों ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का प्रदर्शन किया. बेहतर प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों को पुरस्कृत किया गया.
परेड में प्रथम पुरस्कार एसएसबी की टुकड़ी को, द्वितीय पुरस्कार महिला होमगार्ड और तृतीय पुरस्कार स्काउट-गाइड की टुकड़ी को दिया गया.
सात महिलाओं को मिला बासगीत पर्चा
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. वहीं सात महिलाओं के बीच बासगीत पर्चा भी वितरित किया गया. सम्मान और पर्चा वितरण के दौरान समारोह स्थल पर उत्साह का माहौल रहा.
समाहरणालय समेत विभिन्न कार्यालयों में हुआ ध्वजारोहण
मुख्य समारोह के बाद जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर में तिरंगा फहराया. सदर अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ चंदन कुमार झा ने झंडोत्तोलन किया, जबकि उप विकास आयुक्त कार्यालय में डीडीसी सुमन कुमार साह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
जिला परिषद कार्यालय में जिला परिषद अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव और नगर निगम कार्यालय में मेयर अरुण राय ने तिरंगा फहराया. इसके अलावा डीएम आनंद शर्मा ने रेडक्रॉस में, एसपी योगेंद्र कुमार ने पुलिस केंद्र में तथा नगर थाना अध्यक्ष ने नगर थाना परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. सभी स्थानों पर अधिकारियों और कर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.
समारोह में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मी सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
